देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर एक नए युग में प्रवेश करने जा रहा है।

DR Times
2 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को इंदौर मेट्रो की सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसी दिन अहिल्या माता की 300वीं जयंती भी पूरे शहर में गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। बुधवार से शहर में विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होगी, और अगले तीन दिन उत्सव का माहौल रहेगा।

शुभारंभ के लिए तैयार यह सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर लगभग 6 किलोमीटर लंबा है, जिसमें पांच स्टेशन शामिल हैं — गांधी नगर स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 6, 5, 4 और 3 स्टेशन। यह मेट्रो मार्ग ट्रैफिक और प्रदूषण को कम करने में सहायक होगा और यात्रियों को आरामदायक एवं आधुनिक परिवहन सुविधा प्रदान करेगा।

कलेक्टर आशीष सिंह ने गांधी नगर मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। नगर निगम आयुक्त ऋषि गर्ग, अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा और मेट्रो अधिकारियों की उपस्थिति में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

इंदौर मेट्रो की पूरी येलो लाइन 31.32 किलोमीटर लंबी होगी (22.62 किमी एलिवेटेड और 8.7 किमी भूमिगत), जिसमें कुल 28 स्टेशन होंगे। इसकी अनुमानित लागत ₹7500 करोड़ है। पहले चरण में उद्घाटन होने वाले 6 किमी के कॉरिडोर पर ₹1520 करोड़ की लागत आई है।

यह परियोजना इंदौर को एक आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और स्मार्ट शहर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Share This Article
Leave a comment