Madhya PradeshRajneeti
मुरैना में मतदान के दौरान चलीं गोलियां, चार लोग घायल, पुलिस ने लोगों को खदेड़कर स्थिति को संभाला
लोग बोले- मंत्री के दबाव में पुलिस-प्रशासन निरंकुश

मध्यप्रदेश विधानसभा की सभी 230 सीटों पर मतदान के बीच हिंसा की खबरें भी आ रही हैं। मुरैना जिले की हाई प्रोफाइल सीट दिमनी में गोलियां चल गईं। पथराव भी हुआ। जिसमे एक युवक गंभीर घायल हुआ है और तीन से चार अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है।

दिमनी से केंद्रीय मंत्री और BJP प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस से रवींद्र तोमर उनके मुकाबले में हैं। मुरैना के मिरघान गांव में सुबह पोलिंग बूथ क्रमांक 146 और 147 पर जबरदस्त हंगामा हुआ। मतदाताओं को रोकने-टोकने पर दो पक्षों में पत्थर चल गए। प्रिंस तोमर नाम के युवक को अस्पताल भेजा गया है और बताया जा रहा है कि – उसे छर्रे लगे हैं। पुलिस ने पोलिंग बूथ से लोगों को खदेड़कर स्थिति को संभाला।

ग्रामीणों का आरोप है कि, मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के इशारे पर गुंडागर्दी हो रही है। वे किसी भी तरह जीतना चाह रहे हैं। शासन निरंकुश हो चुका है। पोलिंग बूथ तक पहुंचने नहीं दिया जा रहा है। जैसे-तैसे वोट डालने गए भी तो हमें पीटा गया। कपड़े फाड़ दिए गए। वहीं, ADM सीबी प्रसाद ने कहा कि, “फायरिंग नहीं हुई है। सभी वोट डाल रहे हैं। पुलिस-प्रशासन पूरी तरह एक्टिव है। कोई किसी को वोट डालने से नहीं रोक सकता।”
