उज्जैन के अल्पाइन कॉलेज में छात्रों के बीच विवाद, बस में भजन की आवाज से शुरू होकर कैंटीन तक पहुंचा मामला

Madhya Pradesh News: उज्जैन जिले के देवास रोड स्थित अल्पाइन कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों के बीच हुआ एक मामूली विवाद कुछ ही घंटों में हिंसक झड़प में बदल गया। घटना की शुरुआत कॉलेज बस में हुई, लेकिन यह क्लासरूम से होते हुए लंच ब्रेक के दौरान कैंटीन तक पहुंच गई, जिससे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलेज के सेकंड ईयर बी-फार्मा के एक छात्र कॉलेज बस में अपने मोबाइल फोन पर भजन सुन रहा था। इसी दौरान उसके साथ बैठे एक अन्य छात्र ने उससे मोबाइल की आवाज़ कम करने को कहा। छात्र ने तुरंत उसकी बात मानते हुए आवाज कम कर दी, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बस से क्लासरूम तक बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि बस में शुरू हुई बहस कॉलेज पहुंचने के बाद भी खत्म नहीं हुई। क्लासरूम में दोनों छात्रों के बीच फिर से विवाद हुआ, जहां गाली-गलौज और एक-दूसरे को धमकाने के आरोप लगाए गए हैं। स्थिति बिगड़ती देख कॉलेज स्टाफ ने बीच-बचाव कर तत्काल मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को समझाइश दी।
कॉलेज प्रबंधन को उम्मीद थी कि मामला यहीं समाप्त हो जाएगा, लेकिन लंच ब्रेक के दौरान स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गई।
कैंटीन में आमने-सामने आए दोनों गुट
लंच ब्रेक के समय कैंटीन में दोनों छात्रों के समर्थक भी एकत्र हो गए, जिससे विवाद ने दो गुटों का रूप ले लिया। देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। झगड़े के कारण कैंटीन और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जिससे अन्य छात्र भी सहम गए।
सूचना मिलते ही कॉलेज प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। झगड़े में शामिल छात्रों को अलग-अलग कर मामला शांत कराया गया।
कॉलेज प्रशासन की प्रतिक्रिया
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि यह घटना अनुशासनहीनता का मामला है और इसे किसी भी तरह का सांप्रदायिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कॉलेज परिसर में शांति और अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन ने दोनों पक्षों के छात्रों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है और आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ कॉलेज नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शांति बनाए रखने की अपील
कॉलेज प्रबंधन ने सभी छात्रों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी विवाद को बातचीत के माध्यम से सुलझाएं। वहीं, स्थानीय पुलिस भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।





