IIT Bombay में एक छात्र की मौत के बाद शुरू हुए विवाद में अब संस्थान का Faculty Forum प्रोफेसर सूर्यनारायण दूला के समर्थन में उतर आया है। फोरम का कहना है कि प्रोफेसर केवल संस्थान के नियमों के अनुसार अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
परीक्षा हॉल में क्या हुआ था
18 सितंबर को मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान प्रोफेसर दूला इनविजिलेटर थे। सुबह 11 से दोपहर 1 बजे के बीच उन्होंने एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के एक छात्र के पास अनधिकृत स्मार्टफोन देखा। समाचार एजेंसी ANI की रिपोर्ट के अनुसार छात्र ने प्रश्नपत्र ChatGPT पर अपलोड करके उत्तर मांगे थे।
IIT Bombay Faculty Forum का बयान
फोरम के अध्यक्ष प्रोफेसर राजकुमार एस. पंत के हस्ताक्षर से जारी बयान में कहा गया कि प्रोफेसर दूला सीनेट से अनुमोदित शैक्षणिक नीति के अनुरूप काम कर रहे थे। फोरम ने छात्र के परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
बयान में कहा गया कि केवल अपनी शैक्षणिक ड्यूटी निभा रहे एक शिक्षक की प्रतिष्ठा धूमिल किए जाने से फोरम बेहद दुखी है। सोमवार को फैकल्टी सदस्यों ने परिसर की मुख्य इमारत में प्रदर्शन कर प्रोफेसर का समर्थन किया। IIT Bombay के साथ-साथ दिल्ली और मद्रास के फैकल्टी सदस्यों ने भी प्रोफेसर के पक्ष में आवाज उठाई है।
डीनशिप हटाई गई, जांच क्राइम ब्रांच को
विवाद बढ़ने पर IIT Bombay ने प्रोफेसर दूला को छात्र मामलों के डीन पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया। हालांकि वे प्रोफेसर और विभाग प्रमुख के पद पर बने रहेंगे। संस्थान ने जांच पूरी होने से पहले टिप्पणी करने के लिए माफी भी मांगी है।
छात्र के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है, जिसमें एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। परिवार और छात्रों के आरोपों की जांच अभी जारी है, इसलिए अंतिम निष्कर्ष का इंतजार है।
प्रोफेसर दूला पावर सिस्टम और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स के विशेषज्ञ हैं। उनके शोध क्षेत्र में स्मार्ट ग्रिड और माइक्रोग्रिड शामिल हैं। उन्होंने नगरजुना विश्वविद्यालय से बीटेक, IIT Bombay से एमटेक और IIT Delhi से पीएचडी की है। उन्हें 2021 में प्रो. एसपी सुखात्मे एक्सीलेंस इन टीचिंग अवॉर्ड भी मिल चुका है।
यह भी पढ़ें: IIT Bombay Student Death: ChatGPT विवाद के बाद प्रदर्शन

