Follow Dainik Rajeev Times

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पन्ना में ₹90 करोड़ की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण, बोले—”अब हर जिले में दूध की दुकानें खोलेंगे, शराब की नहीं”

DR Times
2 Min Read
CM Mohan Yadav

पन्ना, मध्य प्रदेश — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को पन्ना जिले के पॉलीटेक्निक ग्राउंड में एक विशाल आमसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹90 करोड़ से अधिक लागत की जुगल किशोर लोक आस्था से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री यादव ने “मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना” के तहत आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में भी भाग लिया, जहां 131 जोड़ों ने विवाह की रस्में पूरी कीं। उन्होंने इन नवविवाहित जोड़ों को अपने आशीर्वचन भी दिए और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

सभा से पहले मुख्यमंत्री ने छत्रसाल जयंती के अवसर पर छत्रसाल पार्क पहुंचकर वीर महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंराना भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पन्ना का भविष्य अब और अधिक चमकेगा। उन्होंने “केन-बेतवा नदी जोड़ो अभियान” का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र को सिंचाई और जल की सुविधा में बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के हर जिले में शराब की दुकान की जगह “दूध की दुकान” खोली जाएगी, ताकि समाज में स्वस्थ संस्कृति को बढ़ावा मिले।

डॉ. यादव ने पन्ना के गौरव दिवस पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि पन्ना एक गौरवशाली नगरी है—हीरों से लेकर टाइगर रिजर्व तक इसकी विशेष पहचान है। उन्होंने कहा कि पन्ना न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि वीरों और सांस्कृतिक विरासत की भूमि भी है।

मुख्यमंत्री ने गीता भवन, कॉलेज, और अन्य सार्वजनिक निर्माण कार्यों की भी सौगात दी और कहा कि सरकार किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए समर्पित है।

Share This Article