CLAT 2026 टॉपर गीताली गुप्ता ने डमी स्कूलों पर उठाए सवाल, छात्रों को दिया सफलता का मंत्र

भोपाल। CLAT 2026 में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल करने वाली 17 वर्षीय गीताली गुप्ता ने न सिर्फ अपनी मेहनत से देशभर में पहचान बनाई, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक अहम बहस भी छेड़ दी है। भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गीताली ने डमी स्कूलों के बढ़ते चलन पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित स्कूल शिक्षा बेहद जरूरी है।
गीताली ने साफ शब्दों में कहा कि स्कूल सिर्फ परीक्षा पास करने की जगह नहीं है, बल्कि यह छात्रों को अनुशासन, सामाजिक समझ और संतुलन सिखाता है। उन्होंने कहा कि आजकल कई छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डमी स्कूलों का रास्ता चुन लेते हैं, लेकिन यह दीर्घकालीन रूप से छात्रों के मानसिक और सामाजिक विकास को नुकसान पहुंचा सकता है।
स्कूल और प्रतियोगी परीक्षा में संतुलन संभव
गीताली गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि नियमित स्कूल में पढ़ाई करते हुए भी CLAT जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की जा सकती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद इसी मॉडल को अपनाया। गीताली ने कक्षा 10वीं में 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे और अब पूरी मेहनत के साथ कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही हैं।
उनका मानना है कि पढ़ाई में निरंतरता और संतुलन ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने कहा, “अगर टाइम मैनेजमेंट सही हो और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो किसी भी परीक्षा में सफलता पाई जा सकती है।”
छात्रों के लिए खास संदेश
गीताली ने छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि खुद पर विश्वास और फोकस सबसे अहम हथियार हैं। उन्होंने कहा कि कई बार परिणाम उम्मीद के अनुसार नहीं आते, लेकिन ऐसे समय में घबराने की बजाय अपने लक्ष्य पर टिके रहना चाहिए। गीताली के अनुसार, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास किसी भी छात्र को मंज़िल तक पहुंचा सकते हैं।
वायरल हुआ रिजल्ट वाला वीडियो
CLAT 2026 के रिजल्ट के बाद गीताली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह अपने घर के पास स्थित एक मंदिर के पास बैठकर मोबाइल पर रिजल्ट देखती नजर आती हैं। पहले कुछ पलों तक उन्हें यकीन नहीं होता और फिर उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़ते हैं।
गीताली ने इस वीडियो को लेकर कहा कि वह पल उनके लिए बेहद भावनात्मक था और उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि यह वीडियो वायरल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी सफलता मिलने पर वह खुद भी हैरान रह गई थीं।
उपलब्धि जिसने नाम रोशन किया
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की रहने वाली गीताली गुप्ता ने CLAT 2026 जैसी देश की प्रतिष्ठित कानून प्रवेश परीक्षा में 119 में से 112.75 अंक हासिल कर टॉप किया। उनकी यह सफलता लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।




