राजस्थान के गंगानगर की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और नहर और अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी हार गए हैं। कांग्रेस के रुपिंदर सिंह कुन्नर ने उन्हें 11261 वोटों से हराया। चुनाव के दौरना कुन्नर को 94761 और टीटी को 83500 वोट मिले। हालांकि अभी औपचारिक घोषणा होना बाकी है।

इधर, रिजल्ट की औपचारिक घोषणा से पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रुपिंदर सिंह कुन्नर को जीत की बधाई दे दी हैं। वहीं, राजस्थान भाजपा ने भी हार मान ली हैं। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि – “हार के कारणों की समीक्षा करेंगे।” गौरतलब है कि, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को विधायक बनने से पहले ही भाजपा ने सरकार में राज्य मंत्री बना दिया था। जिसको लेकर कांग्रेस ने इसका काफी विरोध किया था और चुनाव आयोग को शिकायत भी की थी।

तीसरे राउंड में ही पीछे हो गए थे टीटी –
डॉ. भीमराव अंबेडकर गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में आज काउंटिंग हुई थी। इस सीट पर 5 जनवरी को मतदान हुआ था। चुनाव जीतने से पहले ही भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्रपाल सिंह टीटी को भजनलाल सरकार में मंत्री बनाने से ये सीट चर्चा में बनी हुई थी। परिणाम से तय होगा गया अब टीटी मंत्री पद पर बरकरार नहीं रहेंगे। इस चुनाव परिणाम पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी थी। 18 राउंड में मतगणना पूरी हुई, जिसमे टीटी पहले दो राउंड में आगे थे, लेकिन तीसरे राउंड से लगातार पीछे होते चले गए और अंत में हार गए।
