Follow Dainik Rajeev Times

पुलिस से पंगा लेना मत, नहीं तो यहीं चौराहे पर पटक-पटक कर मारूंगा

DR Times
3 Min Read
पुलिस से पंगा लेना मत, नहीं तो यहीं चौराहे पर पटक-पटक कर मारूंगा
पुलिस कर्मचारियों से मारपीट करने वाले युवकों का निकाला जुलूस, टीआई ने दी हिदायत

इंदौर। शहर में गुंडे, बदमाश और लुटेरों ने आतंक मचा रखा है। इतना ही  नहीं, बदमाशों में पुलिस का खौफ भी खत्म होता जा रहा है, क्योंकि कुछ दिन पहले खजराना थाना क्षेत्र में एक गुंडे ने यातायात पुलिस कर्मचारी से हुज्जत की, बल्कि मारपीट करते हुए वर्दी फाड़ दी थी। इसके बाद पलासिया थाना क्षेत्र में भंवरकुआं के पुलिसकर्मियों से कार सवार युवकों ने विवाद किया और पुलिसकर्मी से कार की चाबी छीनने के बाद मारपीट की गई। पलासिया थाने पर सूचना के बाद जब बीट के दो जवान यहां पहुंचे तो युवकों ने उनके साथ भी हुज्जत की। गुरुवार को युवकों को हिरासत में लिया और टीआई ने इलाके में लाकर उनका जुलूस निकाला। यहां टीआई ने युवकों से कहा, फिर ऐसा किया तो चौराहे पर पटक-पटक कर मारूंगा। इसके बाद उन्हें वापस गाड़ी में बैठा कर थाने ले गए।

टीआई मनीष मिश्रा दोपहर में रामसिंह परिया निवासी बड़ी ग्वालटोली, लोकेश पारिया, लक्की व उसके साथियों को लेकर बड़ी ग्वाल टोली इलाके में पहुंचे। यहां सभी आरोपी युवकों को इलाके में पैदल घुमाया और पुलिस से ना उलझने की हिदायत दी। इसके बाद टीआई स्टाफ के साथ उन्हें पुलिस जीप से थाने ले आए। भंवरकुआं थाने के सिपाही कृष्णकांत शर्मा की शिकायत पर पलासिया पुलिस ने पांच आरोपियों पर केस दर्ज किया। सिपाही ने बताया था कि रात में वह सिपाही राजेश उपाध्याय, कुलदीप कुमार के साथ वारंट तामील कराने पहुंचे थे। यहां से जब वह वापस थाने जा रहे थे, तो अन्य दूसरी कार से उनकी कार को टक्कर लगी। इसके बाद कार सवार युवकों ने विवाद किया।

इस दौरान पलासिया पुलिस को सूचना दी तो बीट के जवान मदन और वैभव वहां पहुंचे। आरोपियों ने वैभव की लात-घूसों से पिटाई कर दी। कृष्णकांत ने बताया कि इस दौरान वह अपने मोबाइल से आरोपियों का वीडियो बना रहे थे, तो एक आरोपी ने उनका मोबाइल छीन कर जमीन पर पटक दिया। इस दौरान युवक ने कहा कि तुम्हारे जैसे कई पुलिस वाले देखे हैं। बाद में थाने आकर केस दर्ज कर आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

 

MORE NEWS>>>आज पहले चरण का मतदान,कई दिग्गजों की साख दांव पर 

Share This Article