अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक ब्लॉक पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए। घटना रविवार तड़के करीब 1:25 बजे वियना शहर के पाइन स्ट्रीट पर हुई। जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (GBI) मामले की जांच कर रहा है। अब तक किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हुई है और हमले का मकसद भी साफ नहीं हुआ है।
डूली काउंटी के शेरिफ क्रेग पीवी के अनुसार पार्टी में 1000 से ज्यादा लोग जमा थे। पाइन स्ट्रीट के 900 ब्लॉक से गोलियां चलने की आवाज आई, जिसके बाद मौके पर पहले से गश्त कर रहे डिप्टियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। दो मृतक 600 ब्लॉक पर पाए गए और मौके पर ही मृत घोषित कर दिए गए। घायलों को क्षेत्र के कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
Georgia shooting में 50 से ज्यादा गोलियां
शेरिफ के अनुसार करीब 50 गोलियां चलाई गईं और दो अलग-अलग जगहों से फायरिंग हुई जो करीब एक ब्लॉक की दूरी पर थीं। कुछ लोग गोलियों से नहीं, बल्कि भगदड़ में वाहनों की चपेट में आकर घायल हुए। घायलों की उम्र 14 से 51 वर्ष के बीच है और कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह पार्टी डूली काउंटी हाई स्कूल के होमकमिंग सप्ताह के समापन पर हो रही थी। स्कूल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन स्कूल की ओर से प्रायोजित नहीं था। शेरिफ ने बताया कि अधिकारी मौके पर मौजूद थे तभी एक ब्लॉक दूर और गोलियां चलने लगीं। GBI के निदेशक क्रिस होसे ने कहा कि जांचकर्ता किसी अनुमान पर नहीं जाना चाहते और जनता से सूचना देने की अपील की है।
शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की उम्र 20 और 23 वर्ष बताई गई थी, जबकि GBI ने बाद में 21 और 23 वर्ष के दो युवकों की पहचान की है। अधिकारियों का कहना है कि अब जनता को कोई तात्कालिक खतरा नहीं है, लेकिन जांच जारी है और शवों का पोस्टमॉर्टम GBI मेडिकल एक्जामिनर कार्यालय में होगा।
