इंदौर मेट्रो में सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। मेट्रो में मुफ्त सफर की सुविधा अब 30 सितंबर तक जारी रहेगी। पहले यह सुविधा 28 सितंबर तक सीमित थी, जिसे अब दो दिन और बढ़ा दिया गया है। यह फैसला एमपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लिया है।
येलो लाइन पर रोज बढ़ रही भीड़
इंदौर मेट्रो की येलो लाइन का पहला चरण सुपर कॉरिडोर पर संचालित हो रहा है। गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक चलने वाली इस लाइन में रोज यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। मुफ्त सफर के दौरान लोगों को मेट्रो के सफर का अनुभव कराने का मकसद था। शुरुआती दिनों में ही हजारों लोगों ने मेट्रो में सफर किया, जिसके बाद सुविधा बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
इससे पहले मेट्रो के संचालन समय में भी विस्तार किया गया था। 25 सितंबर से मेट्रो सुबह 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक चलेगी। रविवार और छुट्टियों के दिन दोपहर 12:50 बजे से रात 9:00 बजे तक संचालन होगा। महज 16 दिनों में 50,000 से ज्यादा यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया, जो शहर में मेट्रो की लोकप्रियता को दर्शाता है।
मुफ्त सफर की मियाद बढ़ने से इंदौरवासियों को सीधी राहत मिलेगी। शहरवासी अब 30 सितंबर तक बिना टिकट के मेट्रो का सफर कर सकेंगे। मेट्रो के दूसरे चरण का काम भी तेजी से चल रहा है, जिसके बाद शहर के दूसरे हिस्से भी मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।

