खेलटॉप-न्यूज़

विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में ईशान किशन का तूफान: 33 गेंदों में शतक, वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड टूटा

विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में ईशान किशन का तूफान: 33 गेंदों में शतक, वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड टूटा

विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में झारखंड के कप्तान ईशान किशन ने ऐसा तूफान मचाया, जिसने घरेलू क्रिकेट के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। कर्नाटक के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ईशान किशन ने महज 33 गेंदों में शतक ठोककर इतिहास रच दिया। यह विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है।

इस धमाकेदार पारी की खास बात यह रही कि ईशान किशन छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और पूरी तरह से मैच का रुख बदल दिया। आमतौर पर आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाने वाले किशन ने मिडिल ऑर्डर में आकर यह साबित कर दिया कि वह किसी भी स्थिति में टीम के लिए मैच जिताऊ भूमिका निभा सकते हैं।

ईशान किशन ने सिर्फ 39 गेंदों में 125 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 14 छक्के निकले। उनका स्ट्राइक रेट 320.15 का रहा, जो लिस्ट-ए क्रिकेट में बेहद दुर्लभ है। कर्नाटक के गेंदबाज किशन के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए।

इस शतक के साथ ईशान किशन ने बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वैभव ने हाल ही में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 36 गेंदों में शतक जमाया था, लेकिन किशन ने 33 गेंदों में सैकड़ा लगाकर उनसे आगे निकल गए। हालांकि, विजय हजारे ट्रॉफी इतिहास का सबसे तेज शतक अब भी बिहार के सकीबुल गनी के नाम है, जिन्होंने 32 गेंदों में शतक जड़ा था।

सोशल मीडिया पर ईशान किशन की इस पारी की जमकर तारीफ हो रही है। फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल ऑर्डर में आकर इस तरह की पारी खेलना उनकी परिपक्वता और आत्मविश्वास को दर्शाता है। खासकर ऐसे समय में, जब ईशान किशन को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चुना गया है, यह पारी उनके चयन को और मजबूती देती है।

इस मुकाबले में झारखंड ने कर्नाटक के खिलाफ विशाल स्कोर खड़ा किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 412 रन बनाए। ईशान किशन के अलावा कुमार कुशाग्र (63) और विराट सिंह (88) ने भी अहम योगदान दिया।

ईशान किशन इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में भी शतक जड़ा था और वह SMAT फाइनल में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बने थे। लगातार बड़े मंच पर प्रदर्शन कर ईशान किशन यह संकेत दे रहे हैं कि वह भारतीय टीम के लिए लंबे समय तक एक मजबूत विकल्प बने रह सकते हैं।

MORE NEWS>>>देवास में रील का जुनून बना मौत की वजह: रेलवे ट्रैक पर वीडियो बनाते समय दो नाबालिग लड़कों की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close