
Fighter Jet Crash: राजस्थान के चूरू में बुधवार को भारतीय वायु सेना का जगुआर फाइटर जेट क्रैश हो गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह जगुआर फाइटर जेट है। यह हादसा चुरू के रतनगढ़ जिले में हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अफसर तुरंत मौके पर पहुंचे।

घटनास्थल से आई तस्वीरों में विमान का मलबा साफ़ दिखाई दे रहा है। खेत में दूर-दूर तक फाइटर जेट मलबा बिखरा पड़ा है और पुलिस को मौके से एक शव मिला है जिसके बारे में माना जा रहा है कि यह पायलट का है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है। अभी इस बात का पता नहीं चल पाया है कि, विमान में कितने लोग सवार थे। सेना की ओर से अभी संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

माना जा रहा है कि, मौसम खराब होना भी इसके पीछे एक वजह हो सकती है। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई है, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की जा रही है। फिलहाल प्रशासन ने मौके की घेराबंदी कर दी है और किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को वहां जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। प्लेन किन परिस्थितियों में क्रैश हुआ, इसकी जांच सेना और संबंधित एजेंसियां करेंगी. अब तक इस बारे में कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है।

12 जून को अहमदाबाद में हुआ था हादसा
आपको बता दें कि, 12 जून को अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में बड़ा विमान हादसा हुआ था। विमान टेक ऑफ करने के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गया था। चूंकि इसमें कई शव बुरी तरह जल गए थे और उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी, इसलिए हादसे के पीड़ितों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया गया। विमान में सवार 242 यात्रियों में से सिर्फ एक शख्स ही जिंदा बच पाया था। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी इस विमान में सवार थे।
