बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गोपीबाग इलाके में शुक्रवार (5 जनवरी) रात उपद्रवियों ने एक ट्रेन में आग लगा दी। इस घटना में 5 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। ये घटना रात 9 बजकर 5 मिनट पर हुई।

फायर सर्विस और सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम के ड्यूटी ऑफिसर फरहादुज्जमान ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि, “सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया है।” दूसरी तरफ, 12 विपक्षीय पार्टियों ने मिलकर चुनाव के दौरान 48 घंटे हड़ताल की घोषणा की है।
आपको बता दें कि, इससे पहले 19 दिसंबर को भी एक ट्रेन को आग के हवाले किया गया था, जिसमें 4 लोगों की मौत हुई थी। दरअसल, बांग्लादेश में 12वें आम चुनाव के लिए 7 जनवरी को वोट डाले जाएंगे। जिसमे शेख हसीना 2009 से प्रधानमंत्री हैं और 5वीं बार PM पद की दावेदारी कर रहे हैं।

5 डिब्बों में फैली आग –
पुलिस अधिकारी अनवर हुसैन ने कहा कि – “उन्हें संदेह है कि, आग की घटना तोड़फोड़ के बाद हुई हैं। उपद्रवियों की तरफ से लगाई गई आग ट्रेन के 5 डिब्बों में फैल गई थी। फिलहाल पुलिस हताहतों और नुकसान का पता लगाने की कोशिश कर रही है। यह ट्रेन ढाका को बांग्लादेश के सबसे महत्वपूर्ण बंदरगाह बेनापोल से जोड़ती है।”

वोटिंग के दौरान हड़ताल करेगा विपक्ष –
बांग्लादेश में 7 जनवरी को होने वाले आम चुनावों से पहले शुक्रवार को मुख्य विपक्षी पार्टी BNP ने 11 विपक्षी दलों के साथ मिलकर 48 घंटों की हड़ताल की घोषणा की है। यह हड़ताल शनिवार से सोमवार सुबह 6 बजे तक चलेगी। जिसमे विपक्षी दलों ने जनता से चुनाव का बहिष्कार करने को कहा है।
7 जनवरी को पड़ोसी मुल्क में सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू होगी और इसके बाद 8 जनवरी को चुनाव के नतीजे घोषित किये जायेंगे। चुनाव प्रचार शुक्रवार सुबह 8 बजे से थम चुका है। बांग्लादेश के चुनाव आयोग के मुताबिक, इलेक्शन में जनता 299 सीटों पर वोटिंग करेगी।
