फ्रांस और मध्यप्रदेश के बीच सांस्कृतिक सहयोग पर ऐतिहासिक MoU, वैश्विक मंच पर पहुंचेगी प्रदेश की संस्कृति

मध्यप्रदेश और फ्रांस के बीच सांस्कृतिक एवं पर्यटन क्षेत्रों में सहयोग को मजबूती देने के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक समझौता (MoU) किया गया है। इस MoU पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में भारत में फ्रांस के राजदूत डॉ. थियरी माथ्यू, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शेखर शुक्ला, और अयान्स फ्रांसेज़ डी भोपाल के अध्यक्ष अशोक वर्मा ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता अगले तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा और आवश्यकता अनुसार इसे आगे बढ़ाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर कहा कि भारत और फ्रांस के बीच सांस्कृतिक संबंध हमेशा से मजबूत रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा के बाद इन संबंधों में और अधिक गहराई आई है। उन्होंने कहा कि यह समझौता मध्यप्रदेश को न केवल भारत की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में सशक्त करेगा, बल्कि इसे एक वैश्विक पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगा।
MoU से मिलेंगे ये लाभ
इस समझौते के अंतर्गत दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संयुक्त आयोजन किया जाएगा, जिसमें कला प्रदर्शनियां, संगीत-नृत्य के आयोजन, सिनेमा स्क्रीनिंग, भारतीय और फ्रांसीसी व्यंजन महोत्सव, और अन्य सांस्कृतिक आदान-प्रदान शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त हर वर्ष एक विशेष “इंडो-फ्रेंच कल्चरल फेस्टिवल” आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश की प्रमुख पर्यटन सामग्री का फ्रेंच भाषा में अनुवाद कर फ्रांसीसी पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के पर्यटन अधिकारियों और गाइडों को फ्रेंच भाषा और संस्कृति का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे फ्रांस से आने वाले पर्यटकों से सहजता से संवाद कर सकें।
फ्रांस के राजदूत डॉ. थियरी माथ्यू ने इस साझेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “यह साझेदारी दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करेगी तथा शिक्षा, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्रों में नए अवसर खोलेगी।
स्थानीय कलाकारों और शिल्पियों को मिलेगा मंच
इस MoU से प्रदेश के कलाकारों, शिल्पकारों, छात्रों और सांस्कृतिक संस्थाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। यह समझौता प्रदेश की सांस्कृतिक रणनीति को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा और मध्यप्रदेश को विश्व पटल पर एक सशक्त सांस्कृतिक पहचान प्रदान करेगा।
फ्रेंच पर्यटकों की संख्या में होगा इजाफा
MoU के माध्यम से फ्रांस और यूरोप के पर्यटकों के लिए विशेष अभियान चलाकर उन्हें मध्यप्रदेश आने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
समारोह में शामिल हुए प्रमुख अधिकारी
इस ऐतिहासिक मौके पर प्रमुख सचिव (उद्योग) राघवेंद्र कुमार सिंह, फ्रांस के काउंसल जनरल जीन मार्क सेरे-वाले, दूतावास के राजनीतिक सलाहकार वाद जवायनात आबेदीन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।