Follow Dainik Rajeev Times

Sagar Hooch Tragedy: एनकाउंटर में घायल मनीष लोधी गिरफ्तार

Dainik R Times
3 Min Read

Sagar Hooch Tragedy मामले में सागर पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। जहरीली शराब कांड के फरार आरोपी मनीष लोधी उर्फ यशवंत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के करीब तीन बजे सागर पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी दौरान मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मनीष लोधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि आशीष को भी चोटें आईं।

घायल अवस्था में दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं।

Sagar Hooch Tragedy: सितंबर की शुरुआत में हुआ था हादसा

सितंबर की शुरुआत में सागर जिले के बांदा और शाहगढ़ इलाकों में यह हादसा हुआ था। इस हादसे में जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत हो गई थी। कई अन्य लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

मामले में दो थानों में 33 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब तक करीब 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। कई अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

मुख्य आरोपी रवि लखेरा भी एनकाउंटर में हुआ था घायल

इससे पहले 11 सितंबर को पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि लखेरा को गिरफ्तार किया था। वह मुठभेड़ में घायल हो गया था। लखेरा के खिलाफ 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके पास से देशी 12 बोर पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए थे।

जांच में सामने आया कि रवि लखेरा ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को औद्योगिक केमिकल सप्लाई करता था। इसी केमिकल से जहरीली शराब बनाई गई थी। लखेरा मूल रूप से छतरपुर के महोबा का रहने वाला है, लेकिन उत्तर प्रदेश के ललितपुर में रह रहा था।

मुख्यमंत्री ने की थी पुलिस की सराहना

लगातार हो रही कार्रवाई पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सागर पुलिस की सराहना की थी। एसपी अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि जहरीली शराब कांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों के खिलाफ इनाम घोषित किया गया है और उनकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ भी एजेंसियां सक्रिय हैं। हाल ही में इंदौर में 70 करोड़ रुपये के एमडी ड्रग मामले में ईडी की कार्रवाई सुर्खियों में रही थी।

Share This Article