Follow Dainik Rajeev Times

हाईवे पर कार डिवाइडर से टकराई: मां-बेटे समेत 4 की दर्दनाक मौत, तीन घायल

DR Times
2 Min Read

शाजापुर (मध्यप्रदेश): नेशनल हाईवे-52 पर पचोर के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक SUV (XUV 500) के डिवाइडर से टकरा जाने के कारण मां-बेटे सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे का कारण कार ड्राइवर को आई नींद बताई जा रही है।

अयोध्या से दर्शन कर लौट रहा था परिवार

यह परिवार उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के दुबेपुरवा भवानीपुर गांव का रहने वाला है, जो सूरत (गुजरात) में मजदूरी करता है। वे सभी अयोध्या दर्शन के बाद बुधवार शाम को दो कारों में सूरत लौट रहे थे। तभी राजगढ़ जिले में पचोर के पास ड्राइवर को झपकी आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

मौके पर ही दो बच्चों की मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में अनमोल दुबे (16) और कृष्णांशु पांडे (11) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कमला पांडे (55) और कवि देवी कतवारी (45) ने शाजापुर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में पुष्पम दुबे (50), अंकिका दुबे (14) और ड्राइवर भोलेनाथ दुबे शामिल हैं।

स्थानीय लोग और एंबुलेंस चालक ने बचाई जान

घटना के तुरंत बाद अहमदाबाद जा रहे एक एंबुलेंस चालक यश भाई रावल और एक अन्य वाहन चालक ने कार का दरवाजा तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद पचोर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से पचोर अस्पताल और फिर शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया।

परिवार में शोक की लहर, गांव में मातम

परिजनों ने बताया कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने उत्तर प्रदेश गए थे और लौटते वक्त अयोध्या दर्शन किए। कार दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत होने से गांव में शोक की लहर है।

Share This Article