Yamuna Expressway Bus Fire: 9 यात्रियों की जलकर मौत

Dainik R Times
4 Min Read

ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से महोबा जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुआ, जो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के करीब है।

बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है। इसमें करीब 35 यात्री सवार थे। ज्यादातर यात्री सो रहे थे, तभी बस के अगले हिस्से से धुआं उठने लगा। कुछ यात्रियों ने जलने की बदबू महसूस की और ड्राइवर को बस रोकने के लिए कहा। आरोप है कि उनकी बात पर तुरंत ध्यान नहीं दिया गया।

आग तेजी से फैल गई और बस के अंदर घना धुआं भर गया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की। कुछ यात्री चलती बस से भी कूदने को मजबूर हो गए। एक महिला यात्री ने बताया कि वह सो रही थीं, तभी किसी ने दरवाजा खटखटाया। वह जूते तक नहीं पहन पाईं और सिर्फ फोन लेकर बाहर निकलीं।

45 मिनट में बुझी आग, 9 शव बरामद

सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। सुबह करीब साढ़े तीन बजे 9 मौतों की पुष्टि हुई। मृतकों में एक महिला, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घायलों को कैलाश अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्रा ने 9 मौतों की पुष्टि की है। पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या से जुड़ी कार्रवाई की जा रही है।

बस पर 1.7 लाख के चालान, AC ब्लास्ट की आशंका

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस के एसी सिस्टम में ब्लास्ट के बाद आग लगी, फिर इंजन का लुब्रिकेटिंग ऑयल आग की चपेट में आ गया। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जताई गई है। पुलिस आग की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।

जांच में यह भी पता चला है कि बस पर 1.7 लाख रुपये से ज्यादा के ट्रैफिक चालान लंबित थे। बस के खिलाफ 60 से अधिक ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन दर्ज थे। 19 अगस्त को दिल्ली के मयूर विहार बॉर्डर पर बस की छत पर अनधिकृत सामान ले जाने पर 18,500 रुपये का चालान भी काटा गया था।

PM मोदी और CM योगी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इस बीच मोटर इंश्योरेंस में प्रस्तावित सुधारों पर IRDAI का नया कंसल्टेशन पेपर भी चर्चा में है।

Share This Article