Follow Dainik Rajeev Times

इंदौर: ‘लव जिहाद’ केस में मुख्य आरोपी मोहसिन खान का भाई इमरान गिरफ्तार, SIT कर रही जांच तेज

DR Times
2 Min Read

इंदौर/मंदसौर – ‘लव जिहाद’ और यौन शोषण जैसे गंभीर आरोपों का सामना कर रहे मोहसिन खान के खिलाफ जांच लगातार तेज हो रही है। बुधवार को पुलिस ने मोहसिन के भाई इमरान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा भाई साजिद और उनका एक करीबी दोस्त फैजान अब भी फरार हैं। पुलिस का दावा है कि मोहसिन द्वारा संचालित शूटिंग एकेडमी की आड़ में कई हिंदू युवतियों को निशाना बनाया गया था।

अब तक मोहसिन खान के खिलाफ छह एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और सातवीं एफआईआर दर्ज होने की संभावना है। आरोपों के मुताबिक, मोहसिन और उसका नेटवर्क लड़कियों को प्रेम जाल में फंसा कर यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण जैसे अपराधों में लिप्त था।

महिला साथी भी जांच के दायरे में

पुलिस के अनुसार, मोहसिन के साथ एक महिला भी लंबे समय से जुड़ी रही है, जिसके बारे में आशंका है कि वह कई युवतियों को फंसाने में उसकी मदद करती थी। माना जा रहा है कि इस महिला के पास मोहसिन के कई गहरे राज हैं।

ड्रग्स और आपत्तिजनक वीडियो का आरोप

SIT की जांच में सामने आया है कि आरोपी लड़कियों को नशीली चीज़ें देकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाता था और फिर उन्हें ब्लैकमेल करता था। यह वीडियो कथित रूप से उसके रिश्तेदारों और मित्रों को भी भेजे जाते थे।

अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई

मंदसौर नगर परिषद ने मोहसिन खान के आवास पर नोटिस चस्पा किया है। आरोप है कि उसका मकान सरकारी नाले की जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया है। परिषद ने मकान मालिक से 48 घंटे के भीतर स्वीकृति दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा है, अन्यथा निर्माण को गिरा दिया जाएगा।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इसे प्राथमिकता पर लिया है और इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की तैयारी की जा रही है। SIT पहले ही गठित की जा चुकी है और जांच लगातार जारी है।

Share This Article