Follow Dainik Rajeev Times

नववर्ष की रात इंदौर पुलिस अलर्ट मोड पर, हुड़दंग और ड्रिंक एंड ड्राइव पर जीरो टॉलरेंस, 3000 पुलिसकर्मी तैनात

DR Times
3 Min Read

नववर्ष की पूर्व संध्या पर शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदौर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। 31 दिसंबर की रात किसी भी तरह के हुड़दंग, स्टंटबाजी या कानून उल्लंघन को लेकर पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का ऐलान किया है। पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, शहरभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं ताकि नववर्ष का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके।

इंदौर पुलिस ने जानकारी दी है कि शहर के प्रमुख चौराहों, मॉल, पब, होटल, रेस्टोरेंट, फार्म हाउस, कॉलोनियों के प्रवेश मार्ग और हाईवे से जुड़े इलाकों में विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। रातभर लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी और ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान सख्ती से चलाया जाएगा।

ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती

पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी। ब्रेथ एनालाइजर से जांच के दौरान तय सीमा से अधिक शराब पाए जाने पर वाहन सीज किए जाएंगे और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए जाएंगे। इसके अलावा सड़क पर हुड़दंग, स्टंट, तेज आवाज में डीजे बजाने, सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने या महिलाओं से अभद्रता जैसे मामलों में तत्काल केस दर्ज किया जाएगा।

3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

नववर्ष की रात शहर की सुरक्षा के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। इनमें थाना बल, ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिस, क्राइम ब्रांच, क्यूआरटी, एफआरवी और रिजर्व फोर्स शामिल है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी।

बायपास और बाहरी इलाकों पर खास नजर

पुलिस ने बायपास और बाहरी इलाकों में होने वाली पार्टियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। फार्म हाउस, होटल, पब और बार की सूची तैयार कर ली गई है। आयोजकों को तय समय सीमा और नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। अनुमति के बिना या तय समय के बाद कार्यक्रम कराने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर की अपील

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि नशे में वाहन न चलाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इंदौर में नववर्ष का स्वागत सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में हो सके।

MORE NEWS>>>40 की उम्र में भी ग्लैमर का जलवा, जॉर्जिया ट्रिप पर अहाना कुमरा की बिकिनी तस्वीरों ने इंटरनेट पर मचाया तहलका

Share This Article