इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने Men’s Cricket World Cup 2027 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। 14 टीमें 12 मैदानों पर कुल 54 मैच खेलेंगी।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केप टाउन के न्यूलैंड्स मैदान में गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा। इसके बाद 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला होगा।
World Cup 2027 में भारत का पूरा कार्यक्रम
भारतीय टीम का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है — 7 अक्टूबर: बनाम ऑस्ट्रेलिया (केप टाउन), 10 अक्टूबर: बनाम पाकिस्तान (जोहान्सबर्ग), 14 अक्टूबर: बनाम अफगानिस्तान (त्श्वाने), 17 अक्टूबर: बनाम क्वालिफायर A (ब्लूमफोंटेन) और 24 अक्टूबर: बनाम जिम्बाब्वे (विक्टोरिया फॉल्स)।
भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर A को ग्रुप A में रखा गया है। ग्रुप B में बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और क्वालिफायर B हैं। सुपर 7 चरण की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से 12 टीमें पहले से तय हैं और 2 टीमें क्वालिफायर के जरिए जगह बनाएंगी। सुपर सीरीज के मैच नामीबिया की राजधानी विंडहोक में खेले जाएंगे, जबकि बाकी मैच दक्षिण अफ्रीका के 8 और जिम्बाब्वे के 3 मैदानों पर होंगे।
24 साल बाद अफ्रीका में वर्ल्ड कप
2003 के बाद यह पहला मौका है जब Men’s World Cup अफ्रीकी महाद्वीप में हो रहा है। नामीबिया पहली बार वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 2, 4 और 6 अक्टूबर को विंडहोक में सुपर सीरीज के तीन मैचों से होगी।
दोनों सेमीफाइनल 17 और 18 नवंबर को केप टाउन और त्श्वाने में होंगे, जबकि फाइनल 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। ICC ने टिकट बैलेट भी खोल दिया है। ICC अध्यक्ष जय शाह ने कहा है कि टिकटों की कीमतें किफायती रखी गई हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा प्रशंसक स्टेडियम पहुंच सकें।
