11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। मैच के टिकट पूरी तरह सोल्ड आउट हो चुके हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल और पेज बनाकर टिकट बेचने के दावे किए जा रहे हैं।
इंदौर क्राइम ब्रांच के मुताबिक जालसाज टिकट के नाम पर लोगों से 25 फीसदी तक एडवांस मांग रहे हैं। ठगों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर मैच टिकट दिलाने के नाम पर कई फर्जी अकाउंट बना रखे हैं।
क्राइम ब्रांच ने अब तक 10 फर्जी वेबसाइटों को चिन्हित किया है। इन वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्रोफाइलों के जरिए ठगी की जा रही थी। पुलिस ने मेटा से संपर्क कर कई फर्जी पेज और प्रोफाइल ब्लॉक भी कराए हैं।
एडिशनल डीसीपी (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि टिकट केवल अधिकृत और आधिकारिक माध्यमों से ही खरीदें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर टिकट बेचने का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति को एडवांस न दें।
क्राइम ब्रांच की टीमें संदिग्ध प्रोफाइलों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि टिकटों की भारी मांग को देखते हुए ठग सक्रिय हुए हैं और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ ठग दूसरे राज्यों से भी इस ठगी को अंजाम दे रहे हैं। क्राइम ब्रांच ने लोगों से ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। क्राइम ब्रांच ने एक विशेष टीम बनाई है जो मैच के दिन तक सोशल मीडिया पर नजर रखेगी और ठगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
गौरतलब है कि भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही वे सोल्ड आउट हो गए थे। इसके बाद से सोशल मीडिया पर टिकटों की कालाबाजारी और ठगी की शिकायतें सामने आ रही हैं। मैच के टिकट, समय और वेन्यू की पूरी जानकारी और टिकट बिक्री से जुड़ी खबर यहां पढ़ें। (स्रोत: दैनिक भास्कर)
