नई दिल्ली। सऊदी अरब के रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूती विद्रोहियों के हमले के दावों के बाद भारतीय एयरलाइनों ने रियाद की उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 10 अक्टूबर तक रियाद से आने-जाने वाली सभी उड़ानें निलंबित कर दी हैं।
गुरुवार को दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। एयरलाइंस ने कहा है कि प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड या मुफ्त री-बुकिंग की सुविधा दी जाएगी। रियाद एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।
हमले का दावा, एयरलाइनों को चेतावनी
हूती विद्रोहियों ने रियाद और आभा हवाई अड्डों पर हमले का दावा किया है। सऊदी अधिकारियों के अनुसार बुधवार को हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हुई थी। हूतियों ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों को सऊदी हवाई क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी, जिसके बाद कई एयरलाइंस ने अपने उड़ान कार्यक्रम में बदलाव किया है।
खाड़ी में बढ़ता तनाव
यह घटनाक्रम खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है। इससे पहले 7 अक्टूबर को अदन पर भी हूती हमला हुआ था। क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस सतर्क हैं और यात्रियों को अपनी उड़ान की स्थिति लगातार जांचने की सलाह दी जा रही है।
रियाद एयरपोर्ट पर परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। एविएशन डेटा के अनुसार, सऊदी अरब की सरकारी एयरलाइन सऊदिया की करीब 70 प्रतिशत उड़ानें रद्द या प्रभावित हुईं। टर्किश एयरलाइंस की रियाद से सभी निर्धारित उड़ानें रद्द रहीं, जबकि कतर एयरवेज और इजिप्ट एयर की कई उड़ानें भी प्रभावित हुईं। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि क्षेत्र की ‘गतिशील स्थिति’ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है और हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है।
