भुवनेश्वर। RBI Data Centre Bhubaneswar का उद्घाटन आज रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। भारतीय रिजर्व बैंक का 169 करोड़ रुपये का डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान जटनी के इंफो वैली-दो में बना है। यह केंद्र 18.55 एकड़ में फैला है। इसकी आधारशिला 22 मार्च 2023 को तत्कालीन आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने रखी थी।
RBI Data Centre Bhubaneswar: देश का दूसरा केंद्र
यह केंद्र नवी मुंबई के खारघर स्थित आरबीआई के मुख्य डेटा सेंटर के बाद दूसरा केंद्र होगा। इसे बैकअप सुविधा के रूप में तैयार किया गया है। यहां से भुगतान और निपटान जैसी महत्वपूर्ण प्रणालियां चलाई जाएंगी। केंद्र को टियर-चार प्रमाणन मिला है, जो डेटा सेंटर की सबसे ऊंची परिचालन क्षमता की श्रेणी मानी जाती है।
उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा, ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री जुआल ओरम और उप मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव तथा प्रवती परिदा भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री माझी ने कहा है कि यह केंद्र ओडिशा की विकास यात्रा को नई गति देगा और देश के वित्तीय डेटा की सुरक्षा को मजबूत करेगा।
साइबर सुरक्षा संस्थान में क्वांटम और AI पर प्रशिक्षण
इस परिसर में बना साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान वित्तीय क्षेत्र के लिए प्रशिक्षण, शोध और क्षमता निर्माण का काम करेगा। यहां क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी नई तकनीकों पर भी काम होगा। अधिकारियों के अनुसार, इस जगह का चुनाव भौगोलिक स्थिरता को देखते हुए किया गया है। यह भूकंपीय क्षेत्रों और संवेदनशील सीमा इलाकों से दूर है, इसलिए प्राकृतिक आपदा और भू-राजनीतिक जोखिम कम रहेगा।
प्रधानमंत्री दोपहर करीब 4:15 बजे विशेष विमान से भुवनेश्वर हवाई अड्डे पहुंचे। वहां से हेलीकॉप्टर से खुर्दा गए और सड़क मार्ग से जटनी स्थित केंद्र पहुंचे। सुबह उन्होंने वाराणसी में गारमेंट इकाई का उद्घाटन किया था और नमो घाट पर वायुसेना का हवाई प्रदर्शन देखा था। ओडिशा में भाजपा सरकार बनने के बाद यह प्रधानमंत्री की नौवीं यात्रा है।
