Follow Dainik Rajeev Times

Amit Shah Bhopal Visit: ₹16.8 करोड़ डेयरी प्लांट का उद्घाटन

Dainik R Times
2 Min Read

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज (2 अक्टूबर) रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे। उनका करीब 23 घंटे का दौरा होगा। इस दौरान वे होटल ताज में ठहरेंगे और 3 अक्टूबर को कई सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेकर रात करीब 8 बजे शहर से रवाना होंगे।

दौरे का सबसे बड़ा कार्यक्रम राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन होगा, जो BHEL दशहरा मैदान में आयोजित होगा। इसमें 35 हजार से ज्यादा पशुपालक और डेयरी सहकारी समितियों के सदस्य जुटेंगे। सम्मेलन में शाह डेयरी किसानों को बोनस बांटेंगे, गौशालाओं को सहायता देंगे, महिला पशुपालकों को सम्मानित करेंगे और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के तहत स्वीकृति पत्र वितरित करेंगे।

₹16.80 करोड़ के डेयरी प्लांट का उद्घाटन

अमित शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में फर्मेंटेड डेयरी उत्पाद संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। 16.80 करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्लांट में रोजाना 40,000 लीटर दूध की प्रसंस्करण क्षमता होगी। यहां दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद बनेंगे। इस परियोजना में केंद्र सरकार ने 6 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है, जबकि भोपाल सहकारी डेयरी एसोसिएशन ने 10.80 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।

इसके अलावा शाह उज्जैन में प्रस्तावित 255 करोड़ रुपये के डेयरी प्लांट से जुड़े कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। सम्मेलन में नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी का उद्घाटन भी उनके हाथों होगा।

IISER परिसर का शिलान्यास और विवेकानंद प्रतिमा का अनावरण

दौरे के दौरान अमित शाह IISER भोपाल के ATRI परिसर का शिलान्यास करेंगे और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे L-5 लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। परिसर के लिए 52 एकड़ जमीन आवंटित की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 अक्टूबर को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर दौरे की तैयारियों की समीक्षा की थी। भोपाल पश्चिम बायपास का भूमिपूजन भी दौरे के कार्यक्रम में शामिल है।

Share This Article