Asian Games Kabaddi: आज Double Gold का दिन, Iran से फाइनल

Dainik R Times
2 Min Read

एशियन गेम्स 2026 में आज का दिन कबड्डी के नाम रहेगा। जापान के आइची-नागोया में भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमें गोल्ड मेडल के मुकाबले में उतरेंगी। दोनों फाइनलों में सामने ईरान होगा। महिला फाइनल सुबह 9:30 बजे और पुरुष फाइनल दोपहर 2:30 बजे खेला जाएगा।

महिला टीम चौथे खिताब की ओर

भारतीय महिला टीम ने लीग दौर में ईरान को 37-23 से हराया था। इसके बाद सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। टीम अगर आज जीतती है तो यह उसका चौथा एशियाई खिताब होगा। खिलाड़ियों का मौजूदा फॉर्म देखकर उम्मीदें काफी ऊंची हैं।

पुरुष टीम की नजर 9वें गोल्ड पर

पुरुष टीम के सामने भी ईरान की चुनौती है। भारतीय पुरुष कबड्डी टीम एशियाई खेलों की सबसे सफल टीम रही है। आज की जीत उसे 9वां एशियाई गोल्ड दिला सकती है। फाइनल में ईरान हमेशा कड़ी टक्कर देता आया है, इसलिए मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।

सिंधु और लक्ष्य सेन भी एक्शन में

कबड्डी के अलावा आज बैडमिंटन में भी भारतीय सितारे एक्शन में हैं। लक्ष्य सेन सुबह के सत्र में लोह कीन येव से भिड़े, जबकि पीवी सिंधु दोपहर 1:30 बजे चिउ पिन-चियन के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेंगी। भारतीय महिला हॉकी टीम पहले ही जापान को हराकर सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

एथलेटिक्स में तजिंदरपाल सिंह तूर शाम 4:30 बजे शॉट पुट में गोल्ड की हैट्रिक की कोशिश करेंगे। महिलाओं की 1500 मीटर फाइनल शाम 6:45 बजे होगी, जिसमें पारुल चौधरी और पूजा दौड़ेंगी। स्क्वैश में अनाहत सुबह 10:30 बजे और अभय 11:15 बजे पाकिस्तान के इरफान के खिलाफ सेमीफाइनल खेलेंगे। तीरंदाजी में आज क्वालिफिकेशन राउंड शुरू होगा। आज के पूरे कार्यक्रम में भारत के कई पदक पक्के हो सकते हैं।

Share This Article