Breaking News: देखिये आज की टॉप 5 खबरे, जानिए देश-विदेश के सबसे चर्चित मुद्दे।
महाराष्ट्र में रेल हादसा, 13 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के जलगांव में पाचोरा स्टेशन के पास बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में घबराहट फैल गई। एक यात्री ने चेन पुलिंग कर दी और कई यात्री ट्रेन से कूद गए। इस दौरान दूसरी ट्रैक पर आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने कई यात्रियों को कुचल दिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुष्पक एक्सप्रेस के एक कोच में चिंगारी उठने के कारण यात्रियों ने घबराकर जंजीर खींची और कूद गए। कर्नाटक एक्सप्रेस बेंगलुरु से दिल्ली जा रही थी और इस हादसे में कई यात्रियों की जान चली गई।
सैफ के घर बयान दर्ज करने पहुंची पुलिस
मुंबई पुलिस ने एक्टर सैफ अली खान का बयान उनके घर पर दर्ज किया। इस दौरान सैफ और उनकी मां शर्मीला टैगोर ने ऑटो ड्राइवर भजन सिंह से मुलाकात की और उन्हें धन्यवाद दिया, जिन्होंने सैफ को अस्पताल पहुंचाया। 15 जनवरी को सैफ पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने 19 जनवरी को आरोपी शरीफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया, जो चोरी के इरादे से सैफ के घर में घुसा था। आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है और फिलहाल 5 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में है।
राजनाथ सिंह का 100 सैनिक स्कूलों का ऐलान
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि देश भर में 100 नए सैनिक स्कूल खोले जाएंगे। यह निर्णय शिक्षा के बुनियादी सुधार के लिए लिया गया है और इसमें अब लड़कियों के दाखिले का रास्ता भी साफ किया गया है। इससे सैनिक स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया और अधिक समावेशी बनेगी।
केंद्रीय बजट पर प्रमुख घोषणाएं
आने वाले केंद्रीय बजट में 10 लाख तक की कमाई टैक्स मुक्त होने की संभावना है। साथ ही, 25% का नया टैक्स स्लैब भी लागू हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, रेल बजट इस बार 3 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है और गरीब तथा मध्यम वर्ग के लिए नई नॉन-एसी ट्रेन सेवा की घोषणा की जा सकती है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को बजट पेश करेंगी।
इंग्लैंड को भारत ने 7 विकेट से हराया
भारत ने इंग्लैंड को पहले टी-20 में 7 विकेट से हराया। इंग्लैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए 132 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने 12.5 ओवर में 3 विकेट पर टारगेट हासिल कर लिया। भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा ने 34 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली। वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट लिए। इंग्लैंड से जोस बटलर ने 68 रन बनाए, जबकि जोफ्रा आर्चर को 2 विकेट मिले।
MORE NEWS>>>आज की टॉप 5 खबरे