Jio IPO ने पहले ही दिन रिकॉर्ड बना दिया है। Jio Platforms के ₹30,213 करोड़ के इश्यू ने बोली शुरू होने के करीब 35 मिनट के भीतर ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। दोपहर 11:30 बजे तक यह 1.27 गुना भर चुका था। सबसे ज्यादा रुझान संस्थागत निवेशकों (QIB) का रहा, जिनका हिस्सा महज आधे घंटे में फुल होकर 3.86 गुना तक पहुंच गया। यह हाल के बड़े IPO में सबसे तेज सब्सक्रिप्शन है। Jio का ₹30,213 करोड़ का IPO आज से खुला था।
सुबह 10:36 बजे तक ही इश्यू 100 फीसदी सब्सक्राइब हो चुका था। आंकड़ों के मुताबिक, निवेशकों ने 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 25.02 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगाईं। QIB कैटेगरी में 4.90 करोड़ शेयरों के मुकाबले 18.91 करोड़ शेयरों की बोलियां आईं। NII हिस्सा 0.42 गुना और रिटेल हिस्सा 0.33 गुना सब्सक्राइब हुआ। कर्मचारी कोटा 0.78 गुना और शेयरधारक कोटा 0.62 गुना भरा।
Jio IPO: एंकर निवेशकों का रिकॉर्ड रुझान
इश्यू खुलने से पहले सोमवार को एंकर बुक में ₹8,109.85 करोड़ के शेयर आवंटित किए गए थे। यह आवंटन 212 एंकर निवेशकों को प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर ₹1,119 प्रति शेयर पर हुआ। एंकर बुक में ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी, LIC, सिंगापुर सरकार और ADIA जैसे बड़े नाम शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, एंकर राउंड में करीब ₹2.5 लाख करोड़ की मांग आई थी, यानी करीब 30 गुना ओवरसब्सक्रिप्शन।
ग्रे मार्केट में भी Jio के शेयरों को लेकर उत्साह दिख रहा है। बाजार सूत्रों के मुताबिक, GMP करीब ₹270 के आसपास चल रहा है, जो लिस्टिंग पर करीब 25 फीसदी के मुनाफे का संकेत देता है। हालांकि यह अनौपचारिक आंकड़ा है और इसमें उतार-चढ़ाव होता रहता है।
Jio IPO की बड़ी बातें
यह देश के इतिहास का सबसे बड़ा IPO है। इसमें 27 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू है और कोई ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं है। इसका मतलब है कि पूरी रकम कंपनी को मिलेगी। प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर रखा गया है। रिटेल निवेशकों के लिए एक लॉट में 12 शेयर हैं, यानी ऊपरी बैंड पर कम से कम ₹13,428 का निवेश करना होगा। बोली 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक लगाई जा सकती है। अलॉटमेंट 26 अक्टूबर और लिस्टिंग 28 अक्टूबर को संभावित है।
कंपनी इस रकम में से करीब ₹27,500 करोड़ Reliance Jio Infocomm के कर्ज को चुकाने में लगाएगी। ऊपरी बैंड पर कंपनी का वैल्यूएशन करीब ₹10.3 लाख करोड़ होगा, जो इसे देश की चौथी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी बना देगा। मंगलवार को Jio Platforms के MD आकाश अंबानी ने कहा था कि कंपनी अब सिर्फ टेलीकॉम नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी, AI और क्लाउड पर दांव लगा रही है। Jio का ₹30,213 करोड़ का IPO आज से खुला था।
बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, यह रफ्तार हाल के मेगा IPO से कहीं तेज है। Bajaj Housing Finance का IPO पहले दिन दोपहर 2 बजे के आसपास फुल हुआ था, जबकि LG Electronics का इश्यू पहले दिन के अंत तक और Hyundai का पहले दिन सिर्फ 18 फीसदी भरा था। Jio ने इन सभी को पीछे छोड़ दिया है। निवेशक अब 23 अक्टूबर को बोली के आखिरी दिन पर नजर रखेंगे।
