Follow Dainik Rajeev Times

John Brittas Assault: MP से मारपीट, राष्ट्रपति-CJI को चिट्ठी

Dainik R Times
4 Min Read

नई दिल्ली। राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी विरोध-प्रदर्शन के दौरान रविवार को एक बड़ी घटना सामने आई। सीपीआई(एम) के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिट्टास के साथ दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ जवानों ने कथित तौर पर मारपीट की। घटना कनॉट प्लेस इलाके की है, जहां सांसद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

ब्रिट्टास का आरोप है कि उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटा गया। इसके बाद जबरन पुलिस वाहन में बैठाया गया और वाहन के अंदर भी उनके साथ मारपीट की गई। बाद में उन्हें सड़क किनारे छोड़ दिया गया। घटना के बाद सांसद को राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका एक्स-रे और मेडिकल परीक्षण किया गया।

इस घटना के बाद जॉन ब्रिट्टास ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यसभा के सभापति और भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) को पत्र लिखे हैं। तीनों को भेजे गए एक जैसे पत्रों में उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप, जवाबदेही और स्वतंत्र जांच की मांग की है।

स्वतंत्र जांच की मांग

पत्रों में ब्रिट्टास ने मांग की है कि घटना की जांच कोर्ट की निगरानी में किसी विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराई जाए, जिसमें वे अधिकारी शामिल न हों जिनका इस घटना से कोई संबंध हो। इसके अलावा उन्होंने वीडियो रिकॉर्डिंग, वाहनों की पहचान और आवाजाही का ब्योरा, तैनाती रिकॉर्ड और ड्यूटी रोस्टर सुरक्षित रखने की मांग भी की है।

ब्रिट्टास ने पत्रकारों और राहगीरों सहित गवाहों की सुरक्षा की मांग भी की है। उनका कहना है कि यह घटना उसी दिन हुई, जब सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में प्रदर्शनों को लेकर निर्देश दिए थे। इसलिए यह सवाल उठता है कि क्या शांतिपूर्ण अभिव्यक्ति और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के संवैधानिक संरक्षण का सम्मान किया जा रहा है।

थरूर ने की निंदा

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस घटना की निंदा की है। विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष थरूर ने कहा कि एक सम्मानित सांसद के साथ ऐसा व्यवहार चिंताजनक है और दिल्ली पुलिस को इस मामले की जांच करनी चाहिए।

सीपीआई(एम) की ओर से साझा किए गए एक वीडियो में ब्रिट्टास बस की सीढ़ियों पर गिरे हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने बार-बार बताया कि वह सांसद हैं, लेकिन जवानों ने उनकी एक नहीं सुनी।

विरोध-प्रदर्शन की पृष्ठभूमि

यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आह्वान पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहा है। आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियां हुई हैं। रविवार को प्रदर्शन का दूसरा दिन था।

इसी दौरान सीपीआई नेता डी. राजा और एनी राजा सहित कई छात्र नेताओं को भी हिरासत में लिया गया। उधर, सोमवार दोपहर 1:30 बजे इंडिया ब्लॉक का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च प्रस्तावित है, जिसमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेता शामिल होंगे। हालांकि सीजेआई ने राहुल गांधी से मिलने से इनकार कर दिया है।

Share This Article