Indore News: इंदौर में मिलावट माफिया पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर फूड सेफ्टी विभाग ने सियागंज क्षेत्र में छापा मारकर 900 किलो मिलावटी रंग लगी सौंफ और 400 किलो संदिग्ध खसखस जब्त की। टीम ने मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं और पूरे गोदाम को सील कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

भोपाल में टूटा 84 साल का ठंड का रिकॉर्ड
मध्य प्रदेश में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है और राजधानी भोपाल में रविवार की रात ने 84 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। शहर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो नवंबर महीने की अब तक की सबसे ठंडी रात बनी। अचानक 1.2 डिग्री की गिरावट ने ठंड का प्रकोप और बढ़ा दिया है। सर्द हवाओं और गलन ने सुबह बाहर निकलना मुश्किल कर दिया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को हो रही है, क्योंकि ठंड के बावजूद स्कूलों में छुट्टी घोषित नहीं की गई है। कई पेरेंट्स बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका जताते हुए स्कूल समय बदलने या छुट्टी की मांग कर रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी पहाड़ों में बर्फबारी के कारण आई सर्द हवाएँ प्रदेश में तापमान गिरा रही हैं और यह ठंड कुछ दिनों तक बनी रह सकती है।





