मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। (MP Rajya Sabha bypoll) चुनाव आयोग ने गुरुवार को बताया कि इस सीट के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। यह सीट केंद्रीय राज्यमंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है।
मुरुगन ने 13 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिपरिषद और राज्यसभा की सदस्यता दोनों से इस्तीफा दे दिया था। वह सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री थे। हालांकि उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था, लेकिन उन्होंने तमिलनाडु में भाजपा के लिए काम करने की इच्छा जताते हुए पद छोड़ा।
उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम
आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उपचुनाव की अधिसूचना 26 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन 2 नवंबर तक भरे जा सकेंगे, जबकि 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी। आयोग ने कहा है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक संपन्न कर ली जाएगी। राज्यसभा सदस्यों का चुनाव विधानसभा के सदस्य करते हैं।
बैलेट पर सिर्फ बैंगनी पेन
चुनाव आयोग ने इस बार मतदान प्रक्रिया को लेकर एक सख्त निर्देश भी दिया है। मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए सिर्फ रिटर्निंग अधिकारी द्वारा दिया गया बैंगनी रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। आयोग ने साफ कहा है कि किसी भी हालत में कोई दूसरा पेन इस्तेमाल नहीं होगा।
इसके अलावा निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे।
MP Rajya Sabha bypoll: क्यों अहम है यह सीट
मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसलिए उसके उम्मीदवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है। जानकारों का कहना है कि यह उपचुनाव संसद में एनडीए की ताकत बनाए रखने में मदद करेगा। आने वाले समय में कई अहम विधेयक पेश होने की संभावना है।
(Source: Indian Express)
