ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हमला हुआ। सोमवार शाम लीमाह के पास भारत के झंडे वाले जहाज MSV Al Jusufi पर अज्ञात हवाई वस्तु गिरी। जहाज पर 14 भारतीय नाविक सवार थे। हमले में गुजरात के नाविक गंधार नहीम अजीज की मौत हो गई। बाकी 13 नाविकों को ओमान तटरक्षक ने बचा लिया।
13 नाविक बचाए गए, शव स्वदेश लाने की तैयारी
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने मृतक नाविक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि 13 नाविक सुरक्षित बाहर निकले। ओमान तटरक्षक ने उन्हें बचाया। विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास हालात पर नजर रख रहा है। बचे हुए नाविकों और मृतक के शव को जल्द स्वदेश लाने की तैयारी चल रही है। ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
हमलावर कौन, अब तक पता नहीं
अब तक किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। जहाज पर किस हथियार से हमला हुआ, यह भी साफ नहीं है। सोनोवाल ने इसे अज्ञात हवाई वस्तु से हुआ हमला बताया है। मंत्रालय ने कहा कि व्यावसायिक जहाजों पर हमले की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। भारत ने तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान की अपील दोहराई है।
क्षेत्र में तनाव के बीच हुआ भारतीय जहाज पर हमला
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर सैन्य हमले किए थे। इसके बाद से समुद्री मार्गों पर खतरा बढ़ा है। अमेरिका ने सोमवार रात ईरान के क़ेश्म द्वीप पर भी हमला किया था। भारत ने पहले भी जहाजों की सुरक्षा की मांग उठाई है। भारतीय नौसेना ने सोमवार को सोमालिया के पास अपहृत जहाज अज़ीनी के 20 नाविकों को बचाया था।
