मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में जुटे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिसके बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज़ हो गई। शाम को शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) अध्यक्ष अमित ठाकरे शिवाजी पार्क थाने के बाहर प्रदर्शन में उतर आए।
यह भी पढ़ें: CJP Day 2: आज 10 बजे Jantar Mantar पर फिर March | CJP Leaders Released: 24 घंटे बाद Dipke, Das, Ranka रिहा
अंजलि दमानिया समेत दर्जनों हिरासत में
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया उन दर्जनों लोगों में शामिल थीं, जो रविवार को शिवाजी पार्क पहुंचे थे। दमानिया को मैदान के पास रोका गया और एक निजी गाड़ी में बैठाकर अज्ञात जगह ले जाया गया। उन्होंने समाचार एजेंसी को बताया कि सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मियों ने उन्हें हिरासत में लिया और उन्हें नहीं पता कि कहां ले जाया जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि हिरासत में लिए गए ज़्यादातर लोगों को शिवाजी पार्क थाने ले जाया गया है, जबकि कुछ को नज़दीकी थानों में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने जुटान की अनुमति नहीं ली थी, इसलिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आदित्य ठाकरे का तीखा हमला
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने इस कार्रवाई पर सत्तापक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा इतनी डरी हुई है कि मुंबई में भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हिरासत में लिया जा रहा है। आदित्य ने आरोप लगाया कि मुंबई पुलिस अब शीर्ष स्तर के इशारों पर काम कर रही है।
इसके साथ ही उन्होंने हिरासत में लिए गए लोगों को कानूनी मदद का भरोसा दिया। आदित्य ने कहा कि प्रदर्शनकारी बताएं कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है, वे खुद वहां पहुंचेंगे और कानूनी तौर पर उनके साथ खड़े रहेंगे। शाम को वे खुद दादर पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया।
MNS भी उतरेगी मैदान में
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष अमित ठाकरे ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कल से MNS के कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। MNS नेता संदीप देशपांडे ने आरोप लगाया कि शिवाजी पार्क पुलिस का एक अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता नवरात्रि मंडल के कार्यकर्ताओं को CJP प्रदर्शनकारियों पर हमले के लिए उकसा रहे हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को भी मुंबई में करीब 600 लोगों को बिना अनुमति प्रदर्शन के आरोप में हिरासत में लिया गया था। ये प्रदर्शन अगस्त क्रांति मैदान और हुतात्मा चौक समेत कई जगहों पर CJP के समर्थन में हो रहे थे। CJP मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।
