इंदौर के परदेशीपुरा इलाके में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगा कर सुसाइड कर लिया। रात को खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में अकेला सोने गया था। भाई नीचे के कमरे में था। जब परिवार के लोगों ने सुबह उसके कमरे में देखा तो पुलिस को घटना की जानकारी दी।
परिजनों के अनुसार उसकी पत्नी पिछले छह माह से मायके से नहीं लौटी थी। वहीँ पुलिस भी इसे पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या की बात बता रही है। मृतक का नाम अनिल (23) पुत्र राम नरेश बरदिया निवासी कुलकर्णी भट्टा है। मृतक युवक रेडीमेड का काम करता है और करीब 2 साल पहले उसकी टीना से शादी हुई थी।
युवक के पिता की करीब 12 साल पहले ही मौत हो चुकी है। रात में अनिल अपने कमरे में जाकर सो गया था। उसकी माँ एक निजी कंपनी में काम पर जाती है। सुबह वह घर आई तो अनिल उठा नहीं था। तो माँ अनिल के कमरे में पहुंची। जहां फंदे पर युवक लटका हुआ था। परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि, अनिल की पत्नी करीब छह माह से अपने मायके में थी। उसके घर नहीं आने के चलते युवक तनाव में था। फ़िलहाल पुलिस को अनिल के कमरे से किसी भी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले में जांच की जा रही है।