चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने साफ कर दिया है कि, कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शुक्रवार को IPL का पहला मैच खेलेंगे। धोनी के खेलने पर संशय इसलिए उठ रहा था, क्योंकि प्रैक्टिस के दौरान वो चोटिल हो गए थे। दरअसल, प्रैक्टिस सेशन के दौरान धोनी को बाएं घुटने में चोट लग गई थी। इसके बाद वे प्रैक्टिस सेशन में भी काफी बाद में बैटिंग करने के लिए आए थे।
जब CSK के CEO काशी विश्वनाथन से मीडिया ने मैच से एक दिन पहले गुरुवार को सवाल किया तो उन्होंने कहा कि – “जहां तक मुझे पता है, हमारे कप्तान पूरी तरह फिट हैं और 100 फीसदी पहला मैच खेलेंगे। इसके अलावा किसी और डेवलपमेंट की जानकारी मुझे नहीं है।” IPL के 16वें सीजन का आगाज आज से होने जा रहा है। पहला मैच गुजरात टाइटन्स (GT) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच शाम 7:30 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
युवा पेसर मुकेश चौधरी हैं IPL से बाहर –
CSK के युवा तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी चोट के चलते पहले ही IPL से बाहर हो चुके हैं। मुकेश को प्रैक्टिस के दौरान पीठ में चोट आई है। मुकेश भी गुजरात से मुकाबले के एक दिन पहले चोटिल हुए हैं। इंडिया अंडर 19 के प्लेयर आकाश सिंह उनकी जगह लेंगे। आकाश ने 2020 अंडर 19 वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने 6 मैचों में 7 विकेट लिए थे।
धोनी की कप्तानी में 4 बार चैम्पियन बनी CSK –
भारतीय लीग में CSK की टीम MI के बाद सबसे सफल टीम में से एक है। MI ने 5 खिताब जीते हैं, जबकि धोनी ने अपनी कप्तानी में CSK को 4 बार चैम्पियन बनाया है। धोनी की कप्तानी में ही CSK की टीम ने 2010 में पहला खिताब जीता था। फिर 2011 और 2018 में टीम चैम्पियन बनी थी। वहीं आखिरी बार वह 2021 में खिताबी जीत हासिल की थी। तब भी धोनी ही CSK के कप्तान थे।