सूरत निकले राहुल गाँधी, मानहानि केस में सजा के खिलाफ करेंगे अपील, कानून मंत्री बोले – कांग्रेस पार्टी द्वारा अदालत पर दबाव डालने की कोशिश
लोकसभा से सदस्यता रद्द होने के 11 दिन बाद पूर्व सांसद राहुल गांधी सोमवार को सूरत कोर्ट के लिए रवाना हो गए। इससे पहले सुबह करीब 10:30 बजे सोनिया गांधी राहुल से मिलने उनके घर पहुंची। इसके 1 घंटे बाद राहुल अपने घर से सूरत के लिए निकल गए। राहुल के साथ प्रियंका गांधी, राजस्थान के CM अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल भी विशेष विमान से सूरत जा रहे हैं।
इधर, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, “जब आपका (राहुल गांधी) ट्रायल चला तब आपने अपील क्यों नहीं की। अब आप डराने के लिए ये नाटक कर रहे हैं। कोर्ट ने जब आपको दोषी करार दे दिया है, तो इसके बाद आप यह ड्रामा कर रहे हैं। यह कोर्ट पर दबाव बनाने के लिए ही है। कांग्रेस पार्टी पूरे के पूरे परिवार को देश से ऊपर मानती है।”
आपको बता दें कि, 23 मार्च को सूरत की कोर्ट ने राहुल गांधी को ‘सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है…’ वाले बयान से जुड़े मानहानि केस में दोषी करार दिया था। उन्हें 2 साल की जेल और 15 हजार रुपए जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने सजा के खिलाफ अपील करने के लिए राहुल को 30 दिन का समय दिया था। इसके लिए राहुल एक बार फिर सूरत पहुंच रहे हैं।
वहीँ, 23 मार्च को सजा मिलने के बाद 24 मार्च को राहुल की लोकसभा सदस्यता भी रद्द कर दी गई थी। इसके बाद कांग्रेस पार्टी संसद के दोनों सदनों और देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। राहुल गांधी के सूरत पहुंचने के दौरान भी पार्टी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। इसके लिए पार्टी के बड़े नेताओं के साथ दूसरे राज्यों के नेता और कार्यकर्ता भी सूरत पहुंच चुके हैं।