बिहार के सोनपुर में पंजाब नेशनल बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट हुई है। इस दौरान 5 बदमाशों ने होमगार्ड के 2 जवानों को गोली मार दी। इनमें से एक जवान की सिर में गोली लगने से मौत हो गई है। वहीँ, दूसरे को सीने पर गोली मारी गयी, उसे गंभीर हालत में पटना के PMCH रेफर कर दिया गया है। लूटी गई रकम फिलहाल 12 लाख बताई जा रही है।
![Bihar Breaking News](https://dainikrajeevtimes.com/wp-content/uploads/2023/04/Capture-10-300x225.png)
हालांकि, सारण SP गौरव मंगला के मुताबिक, लूट की पूरी रकम की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। लूट के बाद बैंक के बाहर फायरिंग करते हुए सभी बदमाश भाग गए। घटना DRM ऑफिस के पास पंजाब नेशनल बैंक की एक ब्रांच की है।
5 लड़के बैंक में घुसे, 2 गार्ड को मारी गोली –
दोपहर करीब 12:30 बजे बैंक के अंदर बदमाश दाखिल हुए थे। बैंक के अंदर लगे CCTV कैमरे में ये पूरी वारदात कैद हो गई। CCTV में दिख रहा है कि, रोज की तरह बैंक में काम चल रहा है। तभी 5 लड़के बैंक के अंदर दाखिल होते हैं और थोड़ी देर में सभी अपनी जेब से पिस्टल निकाल कर गार्ड पर सीधे फायर करना शुरू कर देते हैं।
![Bihar Breaking News](https://dainikrajeevtimes.com/wp-content/uploads/2023/04/c-3_1681376406-300x262.gif)
इस हमले में एक गार्ड को सीने में गोली मारता है। गार्ड भी अपनी रायफल उठाकर गोली मारने की कोशिश करता है, लेकिन तब तक उसे गोली लग चुकी थी। इसके बाद वो फर्श पर गिर जाता है। थोड़ी देर बाद बदमाश गार्ड की रायफल उठाकर अंदर चला जाता है।
बैंक में मौजूद महिला कर्मचारी ने बताया कि, बैंक में रोज की तरह की काम चल रहा था। 12:30 बजे के करीब 5 लोग बैंक में घुसे थे। थोड़ी देर में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हम डर गए थे। लोग चिल्लाने लगे थे। लेकिन कुछ समझ नहीं आ रहा था क्या करें।
![Bihar Breaking News](https://dainikrajeevtimes.com/wp-content/uploads/2023/04/b-7_1681376377-300x261.gif)
लूटपाट के बाद आस-पास के जिलों में अलर्ट –
मौके पर सारण SP गौरव मंगला भी पहुंचे हैं। वारदात के बाद पुलिस टीम ने इलाके की नाकेबंदी कर दी है। अपराधियों की तलाश के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लूटपाट की इस घटना के बाद आसपास के जिलों को भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। मारे गए गार्ड की पहचान 55 साल के महेश साह के तौर पर हुई है। वहीं दूसरा जवान नरेश राय है। दोनों सोनपुर थाना क्षेत्र के गोविंदचक गांव के रहने वाले थे।
![Bihar Breaking News](https://dainikrajeevtimes.com/wp-content/uploads/2023/04/comp-19-9_1681376989-300x225.jpg)