इंदौर के एरोड्रम इलाके में रहने वाली एक महिला ने जहर खाकर जान दे दी। मृतका रविवार को शादी में उत्तर प्रदेश स्थित मायके जाने की तैयारी में पैकिंग कर रही थी। इसी बीच चार माह के बेटे को बाहर के कमरे में छोड़कर अंदर गई और जहर खा लिया। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एरोड्रम पुलिस के मुताबिक, नंदन नगर में रहने वाली प्रगति शर्मा (24) ने शनिवार रात जहर खा लिया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रविवार सुबह उसकी मौत हाे गई। प्रगति की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई है और उसका चार माह का एक बेटा भी है।
मृतका के पति मुकुल ने बताया कि, वह फर्नीचर का काम करता है। शनिवार की दोपहर में उसकी माँ ने कॉल कर बताया कि, उसकी पत्नी ने जहर खा लिया है, इसके बाद वह पति तुरंत घर पहुंचा और प्रगति को अस्पताल लेकर गया। मुकुल के मुताबिक, प्रगति रविवार को पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए मायके जाने की तैयारी कर रही थी। उसने आत्महत्या क्यों की इस बारे में मुकुल को भी नहीं पता हैं।
इधर, मायके पक्ष के लोगों के इंदौर आने के बाद ही महिला का पोस्टमार्टम कराने की बात कही है। वहीँ, पुलिस के मुताबिक मायके पक्ष के बयान लिए जाएंगे। जिसके बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी। मुकुल के साथ उसके परिवार में बहन और माँ रहते हैं।