टॉप-न्यूज़

राजस्थान के भिवाड़ी में केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग: 8 मजदूर जिंदा जले, 2 गंभीर; अवैध पटाखा निर्माण की आशंका

भिवाड़ी (राजस्थान) फैक्ट्री हादसा: राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण अग्निकांड में 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली एम्स रेफर किया गया है। प्राथमिक जांच में फैक्ट्री में केमिकल के साथ अवैध रूप से पटाखा निर्माण की आशंका सामने आई है।


हादसा कब और कहां हुआ?

यह घटना भिवाड़ी के खुशखेड़ा-करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई। उस समय फैक्ट्री के अंदर लगभग 25 मजदूर काम कर रहे थे।

अधिकारियों के अनुसार, आग अचानक भड़की और देखते ही देखते पूरी यूनिट को चपेट में ले लिया।


8 मजदूरों की मौत, 2 दिल्ली एम्स रेफर

भीषण आग में 8 मजदूर जिंदा जल गए। कई शव इतनी बुरी तरह झुलस गए कि केवल कंकाल बचे। रेस्क्यू टीम को बिखरे हुए बॉडी पार्ट्स पॉलीथीन में इकट्ठा करने पड़े।

2 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद AIIMS New Delhi रेफर किया गया है।


बिहार के मोतिहारी के थे 5 मजदूर

जिला प्रशासन के मुताबिक, मृतकों में से 5 मजदूर मोतिहारी (बिहार) के रहने वाले थे। उनके परिवार भी भिवाड़ी में किराए के मकानों में रह रहे थे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


कलेक्टर का बयान: छोटा एक्सप्लोसिव मटेरियल, गैस रिसाव नहीं

कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने बताया कि शुरुआती जांच में छोटा विस्फोटक पदार्थ होने के संकेत मिले हैं। गैस रिसाव की पुष्टि नहीं हुई है। मृतकों की पहचान रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही है।


अवैध पटाखा निर्माण की आशंका

रेस्क्यू टीम को फैक्ट्री के अंदर से पटाखों के डिब्बे और बारूद मिला है। बताया जा रहा है कि यहां केमिकल के साथ अवैध रूप से पटाखा निर्माण किया जा रहा था।

फॉरेंसिक टीम और मोबाइल लैब मौके पर पहुंचकर सैंपल इकट्ठा कर रही है। पुलिस जांच जारी है।


डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू

खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

मौके पर एडीएम, एएसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close