इंदौर। इंदौर के कंकेश्वरी गरबा पंडाल में गुरुवार रात 15 साल की किशोरी से कथित बदसलूकी के मामले में अब भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल चौहान पर शिकंजा कसता जा रहा है। मध्य प्रदेश भाजपा इकाई ने कमल चौहान को कारण बताओ नोटिस जारी कर चेतावनी दी है, वहीं हीरा नगर पुलिस ने उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात को कंकेश्वरी गरबा पंडाल में 15 साल की किशोरी अपने परिवार के साथ गरबा में शामिल होने गई थी, लेकिन उसे प्रवेश से रोक दिया गया। इसके बाद लड़की के परिवार और पंडाल का प्रबंधन संभाल रहे लोगों के बीच बहस छिड़ गई। इसी दौरान भाजपा के राजमाता जीजाबाई मंडल के अध्यक्ष कमल चौहान वहां पहुंचे और लड़की से उलझ गए।
वायरल वीडियो में दिखी धक्का-मुक्की
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर चौहान लड़की की बांह पकड़कर उसे धक्का देते दिख रहे हैं। वीडियो में लड़की “मुझे हाथ मत लगाना” कहती सुनाई दे रही है। फुटेज में लड़की के गिरने जैसा दृश्य भी दिख रहा है, और वह पूछती सुनाई दे रही है कि उसे थप्पड़ क्यों मारा गया। लड़की के परिजन भी स्पष्टीकरण मांगते दिख रहे हैं।
पुलिस ने की पुष्टि, कांग्रेस ने साधा निशाना
एडीसी क्राइम ब्रांच राजेश दंतोड़िया ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वीडियो के संज्ञान में आने के बाद मामला दर्ज किया गया।
उधर कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने कमल चौहान को मंडल अध्यक्ष पद से तत्काल हटाने की मांग की और इंदौर पुलिस आयुक्त से बिना राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि लड़कियों की सुरक्षा भाषणों से नहीं, ठोस कार्रवाई से सुनिश्चित होगी।
भाजपा ने फिलहाल चौहान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है, लेकिन पद से हटाने जैसी कोई ठोस कार्रवाई अभी घोषित नहीं की है। पुलिस जांच जारी है।
