सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के नेताओं की याचिका पर फिलहाल सुनवाई नहीं होगी। कोर्ट रजिस्ट्री ने याचिका में 14 खामियां बताई हैं। इन खामियों को दूर करने के बाद ही याचिका सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हो सकेगी।
यह याचिका चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ सोमवार शाम को दाखिल की गई थी। इसे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत ग्यारह विपक्षी नेताओं ने दायर किया था। माना जा रहा था कि मंगलवार को इस पर सुनवाई हो सकती है।
लेकिन रजिस्ट्री की जांच में कई तकनीकी और दस्तावेजी कमियां सामने आईं। इनमें कोर्ट फीस में 220 रुपये की कमी भी शामिल है। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पहचान पत्र की धुंधली प्रति लगाई गई थी।
रजिस्ट्री के मुताबिक नौ याचिकाकर्ताओं के अधिकृत दस्तावेज और वकालतनामे भी गायब हैं। कुछ दस्तावेजों की प्रतियां अस्पष्ट हैं, कुछ पन्ने गायब हैं और पेज नंबरों में भी गड़बड़ी मिली है। छोटे फॉन्ट और दो दस्तावेजों की रंगीन प्रतियां न होना भी खामी में गिनाया गया है।
कब होगी सुनवाई
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की कानूनी टीम इन खामियों को दूर करने में जुटी है। खामियां ठीक होने के बाद ही याचिका को सुनवाई के लिए लगाया जाएगा। इसलिए मंगलवार की कार्यसूची में यह याचिका शामिल नहीं है।
याचिकाकर्ताओं में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सौगत राय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, संजय राउत, डी राजा, महुआ माझी, सुप्रिया सुले, एम ए बेबी और ई टी मोहम्मद बशीर शामिल हैं। याचिका में चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो चुनाव आयुक्तों को पक्षकार बनाया गया है।
गौरतलब है कि यह याचिका सोमवार को विपक्ष के ‘चलो दिल्ली’ मार्च के बाद दाखिल की गई थी। इससे पहले CJI सूर्यकांत ने राहुल गांधी और खड़गे से मिलने का अनुरोध ठुकरा दिया था। CJI ने कहा था कि मामला न्यायिक पक्ष में लंबित है, इसलिए याचिका दायर की जाए।
इस बीच राहुल गांधी मंगलवार को इंडिया ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात करेंगे। शाम चार बजे उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इसमें आंदोलन की आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
