Follow Dainik Rajeev Times

Bhopal: रिटायर्ड IAS हत्याकांड में 5 सदस्यीय SIT गठित

Dainik R Times
3 Min Read

भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में अब विशेष जांच दल (SIT) जांच करेगा। (Bhopal retired IAS murder SIT) मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर गुरुवार को पांच सदस्यीय SIT का गठन कर दिया गया। इसकी अगुवाई सहायक पुलिस महानिरीक्षक उमेश तिवारी करेंगे।

भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने SIT के गठन का औपचारिक आदेश जारी किया। इससे पहले बुधवार शाम को मध्यप्रदेश IAS ऑफिसर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से उनके निवास समत्व भवन में मिला था। एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु श्रीवास्तव और IAS अधिकारी वी.एस. चौधरी कोलसानी के नेतृत्व में गए इस दल ने मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच की मांग की थी।

30 सितंबर को मिला था शव

राकेश अग्रवाल 1982 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के IAS अधिकारी थे। 30 सितंबर की सुबह भोपाल के रातीबड़ इलाके में सूरज नगर स्थित उनके निवास ‘सिद्धशिला’ में उनका शव मिला था। उनका गला रेता हुआ था। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे।

उनकी अंतिम तैनाती भोपाल की आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में महानिदेशक के पद पर थी। इससे पहले वह कई जिलों के कलेक्टर और विभिन्न विभागों में सचिव व प्रमुख सचिव जैसे अहम पदों पर रह चुके थे।

आरोपी केयरटेकर अब भी फरार

इस मामले में मुख्य आरोपी उनका केयरटेकर वरुण कुमार है। 27 साल का वरुण पंजाब के पटियाला जिले के नाभा का रहने वाला है। उसे एक होम हेल्थकेयर एजेंसी के जरिए वारदात से महज तीन दिन पहले ही रखा गया था। घटना के बाद से वह फरार है।

रातीबड़ थाना प्रभारी आर.बी. शर्मा के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। कई पुलिस टीमें उसकी तलाश में लगी हैं।

Bhopal retired IAS murder SIT: अब आगे क्या

शुरुआती जांच में घटनास्थल पर संघर्ष के निशान नहीं मिले थे। हालांकि आरोपी ने हत्या के बाद घर में आग लगाने की कोशिश की थी। गैस सिलेंडर का पाइप खोल दिया गया था और बिजली की प्रेस चालू छोड़ दी गई थी। घर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं थे। अब SIT इस हाई-प्रोफाइल मामले की नए सिरे से जांच करेगी।

Share This Article