इजरायल पुलिस ने वेस्ट बैंक में हुए हमलों के मामले में 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। Israel West Bank में शुक्रवार और शनिवार को एक अमेरिकी पत्रकार और यूरोपीय राजनयिकों के दल पर हमले हुए थे। इसके बाद यह कार्रवाई “ऑपरेशन ओलिव लीफ” के तहत की गई। इसमें घरेलू सुरक्षा एजेंसी शिन बेट और सेना भी शामिल रही।
शुक्रवार को वॉशिंगटन पोस्ट की अनुभवी फोटो पत्रकार हाइडी लेविन पर हमला हुआ था। वह उस समय फिलीस्तीनी किसानों के साथ जैतून की फसल की कटाई कवर कर रही थीं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शनिवार को उनकी सर्जरी हुई। इसके एक दिन बाद ताइबेह गांव के पास यूरोपीय राजनयिकों के एक दल पर हमला हुआ। यह दल वहां की स्थिति का जायजा लेने गया था।
इजरायल में अमेरिका के राजदूत माइक हकबी ने इन गिरफ्तारियों का स्वागत किया है। उन्होंने इसे दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में “बहुत सकारात्मक घटनाक्रम” बताया। पुलिस आयुक्त डैनी लेवी ने कहा कि वेस्ट बैंक में कानून का पालन सभी पर समान रूप से लागू होता है। इससे कोई भी ऊपर नहीं है।
अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच कार्रवाई
इन हमलों की अमेरिका, फ्रांस, बेल्जियम, पोलैंड और कनाडा ने कड़ी निंदा की थी। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक छापेमारी में कई वाहन जब्त किए गए हैं। संदिग्धों को घटनाओं से जोड़ने वाले सबूत भी मिले हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार सभी संदिग्ध इजरायली सेटलर हैं। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर उनकी पहचान नहीं बताई है।
गौरतलब है कि शनिवार को प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इन हमलों की खबरों पर संदेह जताया था। उन्होंने इसे इजरायल को बदनाम करने का “समन्वित अभियान” करार दिया था। गिरफ्तार संदिग्धों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक मोशे पिंची ने कहा कि सबूतों और गवाहों के बयानों के आधार पर दोषियों को सजा दिलाने की पूरी तैयारी की जा रही है। जांच अभी जारी है।
