मध्य प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए शनिवार का दिन यादगार रहा। भोपाल के शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7,400 से अधिक छात्रों को ई-स्कूटी की सौगात दी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से वाहन खरीद की राशि सीधे ट्रांसफर की। कुछ विद्यार्थियों को मंच से प्रतीकात्मक रूप से स्कूटी की चाबियां भी सौंपी गईं। मुख्यमंत्री ने एक छात्रा के साथ स्कूटी पर बैठकर सवारी भी की।
कितनी मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत ई-स्कूटी खरीदने पर अधिकतम 1.20 लाख रुपये और पेट्रोल से चलने वाले (मोटराइज्ड) वाहन पर 90 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता सीधे छात्रों के खातों में भेजी जा रही है। पूरी योजना पर सरकार 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर रही है।
इस बार योजना के पात्रता नियमों में बदलाव किया गया है। वर्ष 2026 से लाभ के लिए विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक लाने होंगे और अपने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करना जरूरी होगा। अब तक इस योजना से प्रदेश के 23 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो चुके हैं।
छात्रों से संवाद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई छात्रों से बातचीत की। स्कूटी पाने वाली छात्रा खुशी राय ने बताया कि वह बीकॉम की पढ़ाई के साथ सीए की तैयारी कर रही हैं और स्कूटी से कॉलेज आने-जाने में मदद मिलेगी। 12वीं में 95 प्रतिशत अंक लाने वाले शब्द अहिरवार ने सीए बनने का सपना साझा किया।
किसान परिवार के आकाश साहू कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं, जबकि रवि केवट और मरियम खान चार्टर्ड अकाउंटेंट, मिनी जैन न्यूरोसर्जन, रानी संपाले वकील और खुशी यादव एमबीबीएस करने की योजना बना रही हैं। शिव कुमार कौल सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनकर “विकसित भारत” में योगदान देना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी को स्कूटी चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह, राज्य मंत्री कृष्णा गौर और भोपाल की महापौर मालती राय भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई।

