मुंबई पुलिस ने टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की कार पर हुई फायरिंग के मामले में सोमवार शाम बड़ा खुलासा किया। क्राइम ब्रांच के डीसीपी राज तिलक रौशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी बालिग हैं — एक 18 साल का है और दो 22 साल के हैं।
डीसीपी ने बताया कि तीनों पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है। पुलिस ने जांच के लिए 20 विशेष टीमें बनाई थीं। आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया था।
कैसे पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू के पुष्पा पार्क के पास तीनों आरोपी बाइक पर आए थे। इनमें से दो ने टाइगर की कार पर 5-6 राउंड फायरिंग की। वारदात के बाद आरोपी अंधेरी की ओर भागे और बाइक वहीं छोड़ दी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से पुलिस को आरोपियों का रूट मिला। वे अंधेरी वेस्ट स्टेशन से उत्तर मुंबई होते हुए सूरत की ओर गए थे। इसके बाद वे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सवार हुए।
सोमवार सुबह 10:17 बजे कोटा में ट्रेन रुकने पर राजस्थान पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। कोटा के मजिस्ट्रेट ने 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया है। अब मुंबई पुलिस तीनों को पूछताछ के लिए मुंबई लाएगी।
कोई धमकी भरा कॉल नहीं, हथियार बरामद नहीं
डीसीपी ने बताया कि घटना से पहले टाइगर श्रॉफ को कोई धमकी भरा कॉल नहीं आया था। इसका कोई रिकॉर्ड पुलिस के पास मौजूद नहीं है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों से अब तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। दो आरोपी हरियाणा के सोनीपत के हैं, जबकि तीसरा बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है।
जमानत पर था एक आरोपी
रेहान के पिता रईसुद्दीन के मुताबिक, उनका बेटा पहले से आर्म्स एक्ट के एक मामले में जमानत पर था। उन्होंने बताया कि रेहान ने 9वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। कुछ महीने पहले वह बंदूक से जुड़े मामले में गिरफ्तार हुआ था।
अनिल पंडित और हरमन संधू ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी का दावा किया है। दोनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जाते हैं। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
