मध्यप्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बालाघाट में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पुलिस और नक्सली में मुठभेड़ हुई। इसमें पुलिस ने दलम की एरिया कमांडर और गार्ड रहीं दो बड़ी महिला नक्सलियों को मार गिराया। दोनों पर ही 14-14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। बीते साल भी पुलिस ने 6 नक्सलियों को मार गिराया था।
पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ से मिली जानकारी के अनुसार, तड़के 3 बजे गढ़ी थाना इलाके में कदला के जंगल में हॉकफोर्स और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें जवानों ने 2 महिला नक्सलियों सुनीता और सरिता को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
सुनीता भोरम देव में एरिया कमांडर रही थी। वह वर्तमान में विस्तार दलम में काम कर रही थी और सरिता नक्सली कबीर की गार्ड रह चुकी थी। साथ ही वह खटिया मोचा दलम में भी रही थी। वहीं वर्तमान में वह विस्तार दलम में सक्रिय थी। पुलिस ने दोनों के शव भी बरामद कर लिए हैं।
दोनों पर था 14-14 लाख रुपए का इनाम –
पुलिस को मृत नक्सलियों के पास से बंदूकें, कारतूस, बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य और खाने-पीने का सामान बरामद हुआ है। दोनों ही महिला नक्सलियों पर 14-14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। घटना के बाद से बालाघाट पुलिस ने पुरे जंगल में तलाशी अभियान छेड़ दिया है।
वहीँ नक्सली मुठभेड़ में दो बड़ी महिला नक्सलियों को मारे जाने की खबर मिलने के बाद बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ, हॉकफोर्स सीओ भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।