मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वल्लभ भवन के सामने स्थित सतपुड़ा भवन में सोमवार शाम आग लग गई। आग सबसे पहले तीसरी मंजिल पर लगी, जो तेज़ हवाओ के चलते बढ़कर छठवीं मंजिल तक पहुंच गई। आग कितनी भीषण है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, बिल्डिंग में उठती आग की लपटें और धुआं कई किलोमीटर दूर से ही देखा जा सकता है।
आग लगने की इस घटना से सतपुड़ा भवन में हड़कंप की स्थिति बन गई। पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया। जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। परिसर में अधिकारी-कर्मचारियों की भीड़ लग गई। वहीँ, नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू करने की कोशिश में लगी है। फिलहाल इस बात का पता नहीं चल सका है कि आग कैसे लगी।
![Satpura Bhavan Fire](https://dainikrajeevtimes.com/wp-content/uploads/2023/06/new-project-2023-06-12t171933008_1686570884-300x225.jpg)
जानकारी के मुताबिक, सतपुड़ा भवन के थर्ड फ्लोर पर स्थित अनुसूचित जनजाति क्षेत्रीय विकास योजना के दफ्तर से आग शुरू हुई। इसने चौथी मंजिल पर स्थित स्वास्थ्य संचालनालय को अपनी चपेट में लिया। इससे हेल्थ डायरेक्टोरेट के पांचवीं और छठवीं मंजिल तक आग की लपटें जाने लगी और आग से ट्राइबल और हेल्थ डिपार्टमेंट के महत्वपूर्ण दस्तावेज जलने की आशंका जताई जा रही है।
![Satpura Bhavan Fire](https://dainikrajeevtimes.com/wp-content/uploads/2023/06/12_06_2023-fire_bhopal_mp_2023612_17325-300x169.jpg)