जुलाई के पहले सप्ताह में 3 तारिक से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा में हजारों शिव भक्त हरिद्वार में गंगा का पवित्र जल लेकर अपने स्थानों की ओर चलेंगे। इस बार गृह विभाग की ओर से जिला अधिकारियों को यात्रा के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाए और तीर्थयात्रियों को पर्याप्त सुविधाएं मिल सकें।
![Kanwar Yatra 2023](https://dainikrajeevtimes.com/wp-content/uploads/2023/06/Capture-10-300x152.png)
उप्र में कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्ती बरती है। प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद ने कार्यवाहक DGP विजय कुमार के साथ समीक्षा बैठक में बताया कि, इस बार यात्रा के दौरान 12 फीट ऊंचे कांवड़, त्रिशूल, भाला और ऐसे किसी भी तरह का सामान रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही हर 5 किलोमीटर पर रुकने के शिविरों के साथ चिकित्सा सुविधा के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
![Kanwar Yatra 2023](https://dainikrajeevtimes.com/wp-content/uploads/2023/06/kanwar-3_1627132567-300x225.jpg)
महिला कांवड़ियों का भी रखा जाएगा विशेष ध्यान –
बैठक में अधिकारियों को तीर्थयात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार करने और महिला कांवड़ियों के लिए शौचालय और अन्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही आपराधिक तत्व और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर भी कड़ी नजर रखने और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रा के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश को 5 जोन में बांटा गया है।
![Kanwar Yatra 2023](https://dainikrajeevtimes.com/wp-content/uploads/2023/06/kanwar-yatra-pti-1656476130-300x169.jpg)