इंदौर में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी की अगुआई में शहर यूथ कांग्रेस द्वारा राजवाड़ा से राज मोहल्ला तक विशाल वाहन रैली निकाली जा रही है। इस रैली में लगभग 1 हजार कार्यकर्ताओं के वाहन रैली में शामिल होने का अनुमान है।
मध्यप्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, परीक्षाओं में घोटाले, बाल तस्करी, साम्प्रदायिकता, बढ़ते अपराध, बढ़ती नशाखोरी, प्रदेश में आदिवासियों पर अत्याचार और इंदौर नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह बाइक रैली निकाली जा रही है। लेकिन इससे पूरे राजवाड़ा पर चारों तरफ से जाम लग गया और गुरुद्वारा चौराहा भी ब्लॉक हो गया है।
रैली की शुरुआत राजवाड़ा से हुई, जहां श्रीनिवास ने माँ अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और इसके बाद पैदल मार्च के रूप कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भावन पहुंचे। जहां शहर कांग्रेस अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रैली को हरी झंडी दिखाई। यह वाहन रैली राज मोहल्ला पर समाप्त होगी। इससे पहले इंदौर आते समय श्रीनिवास बीवी कावड़ यात्रा में भी शामिल हुए।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कावड़ यात्रा में शामिल भीड़ के बाइक रैली में शामिल होने के चलते ट्रैफिक की स्थिति और बिगड़ने का अनुमान है। रैली में इंदौर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत चड्ढा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रमीज़ ख़ान, NSUI अध्यक्ष रजत पटेल सहित सैकड़ो कार्यकर्ता में रैली में शामिल हैं।
जिस रास्ते से रैली निकली वहां हुई हाथों हाथ सफाई –
राजवाड़ा से राजमोहल्ला तक निकाली जा रही रैली में नगर निगम की टीम भी साथ चल रही है। जिन रास्तों से रैली निकल रही है, वहां रैली के निकलते ही हाथो-हाथ सफाई भी शुरू कर दी गई है। युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष रमीज ने बताया कि, यह युवा परिवर्तन रैली है। इसमें बड़ी संख्या में युवा मध्यप्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे।