ग्रेटर नोएडा में एक निर्माणाधीन फिल्म स्टूडियो के अंदर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि उसके दोस्त पर भी जानलेवा हमला हुआ जिससे उसकी हालत गंभीर है। वारदात बुधवार देर रात उस वक्त हुई, जब दोनों ही स्टूडियो में सो रहे थे। तभी हमलावरों ने फावड़े से दोनों पर हमला किया और फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, मामला दनकौर कोतवाली क्षेत्र के बल्लूखेड़ा का है। मृतक की शिनाख्त राजकुमार (62) के तौर पर हुई है, जबकि दूसरा व्यक्ति विक्रमादित्य (50) की हालत गंभीर है। दोनों दोस्त थे और रिश्ते में चाचा-भतीजा भी लगते थे। विक्रमादित्य की दनकौर में 3 बीघा जमीन है। इसमें वह लो-बजट फिल्म की शूटिंग के लिए स्टूडियो बनवा रहा था, इस काम में राजकुमार भी उसके साथ था।
इस स्टूडियो में किसी फिल्म की शूटिंग होनी थी, जिसको लेकर दोनों इसकी तैयारी में लगे थे। बुधवार रात को दोनों खुले स्टूडियो में ही सो रहे थे, तभी हमलावरों ने हमला दोनों पर सोते वक्त ही हमला किया। जब सुबह स्थानीय लोगों को वारदात की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक एक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा मरणासन्न हालत में मिला। इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड व अन्य टीम को भी बुलाया और घटनास्थल की बारीकी से जाँच करवाई। छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर खून से लथपथ एक फावड़ा भी मिला है। पुलिस का मानना है कि, फावड़े से ही सोते हुए दोनों लोगों पर जानलेवा हमला किया गया है।” फ़िलहाल पुलिस व्दारा आशंका जताई जा रही है कि रंजिश के चलते वारदात हुई है।
दिल्ली परिवहन निगम का रिटायर्ड कंडक्टर था मृतक –
मृतक के परिजनों का कहना है, ”बुधवार की शाम रोजाना की तरह वहां पर अपने दोस्त विक्रमादित्य के साथ सोने के लिए गए थे। जब गुरुवार सुबह 8 बजे तक घर नहीं पहुंचे, तो परिवार के लोग उन्हें देखने के लिए यहाँ पहुंचे। लेकिन दोनों ही यहाँ पर लहूलुहान हालत में पड़े हुए थे। जिसमे से राजकुमार की मौत हो चुकी है। मृतक दिल्ली परिवहन निगम से रिटायर्ड कंडक्टर भी थे।”