टॉप-न्यूज़मध्यप्रदेश
इंदौर में तेंदुए का अलर्ट, सुपर कॉरिडोर में बछड़े पर किया हमला, VIDEO वायरल
18 जनवरी को भी नजर आया था तेंदुआ
इंदौर के नैनोद इलाके (सुपर कॉरिडोर के नजदीक) में तेंदुए ने एक बछड़े पर हमला कर दिया। घटना मंगलवार देर रात 12 बजे की है। कुत्तों के भौंकने के बाद तेंदुआ मौके से भाग गया।

गांव के पूर्व सरपंच लाखन मकवाना ने बताया कि, मंगलवार देर रात समर्थ सिटी कॉलोनी के पास खेत में बछड़ा घायल हालत मिला था। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। मकवाना का दावा है कि, बछड़े पर हमला तेंदुए ने ही किया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बुधवार सुबह मकवाना ने सूचना वन विभाग को दी है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कहा कि टीम लगातार तेंदुए की खोज में जुटी हुई है। कॉलोनी में भी स्टाफ पहुंचा है और लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।

यहां तेंदुए का मूवमेंट लगभग 10 दिन से हो रहा है। सुपर कॉरिडोर स्थित टीसीएस-इन्फोसिस कैम्पस के नजदीक नैनोद गांव की समर्थ सिटी कॉलोनी में दिखा है। सोमवार देर रात भी तेंदुए का मूवमेंट इंदौर में सुपर कॉरिडोर पर हुआ था। मंगलवार सुबह उसका CCTV फुटेज भी सामने आया था। जिसमे पंजों के निशान मिले तो सुबह रहवासियों ने वन विभाग को खबर की। इसके बाद 10 लोगों की रेस्क्यू टीम ने कॉलोनी के 5 किमी के दायरे में सर्चिंग की, लेकिन कहीं नहीं मिला।
